KNEWS DESK- दुनियाभर में इस समय दो खतरनाक वायरस को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। एक तरफ अफ्रीका के कुछ हिस्सों में Ebola के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर Hantavirus के केस भी कई देशों में बढ़ रहे हैं।

हालांकि भारत में अभी इन दोनों वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को इनके लक्षण और बचाव के तरीकों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। मेडिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दोनों वायरस गंभीर संक्रमण पैदा कर सकते हैं, लेकिन इनके फैलने का तरीका और शरीर पर असर अलग-अलग होता है।
क्या है इबोला वायरस?

Ebola एक गंभीर वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खून, शरीर के तरल पदार्थ या संक्रमित जानवरों के संपर्क से फैलता है। यह वायरस तेजी से फैल सकता है और गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। अच्छी बात यह है कि इबोला के लिए वैक्सीन उपलब्ध है।
इबोला के प्रमुख लक्षण
- तेज बुखार
- सिर में तेज दर्द
- शरीर में कमजोरी
- उल्टी और दस्त
- इंटरनल ब्लीडिंग
- अत्यधिक थकान
क्या है Hantavirus?

Hantavirus आमतौर पर संक्रमित चूहों के संपर्क से फैलता है। चूहों के यूरिन, मल या लार के कण हवा में मिलकर इंसानों तक पहुंच सकते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह वायरस इंसानों में उतनी तेजी से नहीं फैलता जितना इबोला फैल सकता है। फिलहाल हंतावायरस के लिए कोई प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।
हंतावायरस के लक्षण
- तेज बुखार
- शरीर और मांसपेशियों में दर्द
- ज्यादा थकान
- सांस लेने में परेशानी
- कमजोरी और बेचैनी
भारत में कितना है खतरा?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल भारत में Ebola और Hantavirus का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, विदेशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग और निगरानी जरूरी मानी जा रही है ताकि समय रहते किसी भी संक्रमण की पहचान की जा सके।
इन वायरस से कैसे बचें?
- हमेशा हाथ धोकर ही भोजन करें।
- चूहों और गंदगी वाले इलाकों से दूरी बनाकर रखें।
- जिन देशों या इलाकों में संक्रमण फैला हो, वहां यात्रा करने से बचें।
- बुखार, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

विशेषज्ञों का कहना है कि घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। समय पर सावधानी और सही जानकारी ही इन वायरस से बचाव का सबसे बड़ा तरीका है।