मध्य प्रदेश के बालाघाट में 20 वर्षीय रियांश चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, रियांश की हत्या उसकी प्रेमिका के पिता और भाई ने सुपारी किलर की मदद से कराई। इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी देने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
Knews Desk – पुलिस के मुताबिक, रियांश चौहान का एक युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती के पिता जीवन पटले और भाई आशुतोष पटले इस रिश्ते से नाराज थे। इसी वजह से पहले भी रियांश और युवती के भाई के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस का कहना है कि रियांश की हत्या की साजिश करीब तीन महीने पहले रची गई थी। हालांकि, सुपारी किलर मिलने में देरी होने के कारण वारदात बाद में अंजाम दी गई।
मंडई देखने पहुंचा था रियांश
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात ग्राम परासपानी में मंडई का आयोजन था। रियांश भी मंडई देखने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान उसे पहले शराब पिलाई गई और फिर लोहे के एंगल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
इसके बाद आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, रियांश के शव को उसकी एक्टिवा के साथ सड़क किनारे फेंक दिया गया।
छह दिन की जांच के बाद पांच गिरफ्तार
मामला बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र के नाहरवानी गांव से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, छह दिन की गहन जांच के बाद हट्टा पुलिस ने रियांश की प्रेमिका के पिता और भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक और आरोपी की भूमिका सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रियांश और युवती करीब तीन साल से संपर्क में थे। युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बात को लेकर रियांश और युवती के भाई के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।