KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. हाल ही में कंधे की चोट की सर्जरी कराने वाले एक्टर को अब अपने बेहद करीबी साथी को खोने का गम है. उनके पालतू कुत्ते बघीरा का निधन हो गया है. जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया पर बघीरा के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर कर भावुक पोस्ट लिखा है.
एक्टर ने अपने पालतू कुत्ते को सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा बताया है. उन्होंने बघीरा की कब्र पर एक पौधा भी लगाया, जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की.
‘तुम धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन गए’
जूनियर एनटीआर ने बघीरा के साथ बिताए पलों को याद करते हुए लिखा कि वह उनकी जिंदगी में एक साथी बनकर आया था और धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन गया.
https://www.instagram.com/p/DcNTufOmPyy/
एक्टर ने कहा कि बघीरा के प्यार, वफादारी और शरारतों ने उनकी जिंदगी के कई दिनों को खूबसूरत बनाया. उसके जाने के बाद उन्हें एक ऐसी खामोशी महसूस हो रही है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है.
एनटीआर ने आगे लिखा कि बघीरा ने उन्हें जिंदगी के चार खूबसूरत साल दिए और इसके लिए वह हमेशा उसके आभारी रहेंगे. उन्होंने अपने पालतू साथी को प्यार से याद करते हुए कहा कि अब वह आजाद होकर दौड़ सकता है.
सिर्फ 4 साल का था बघीरा
जूनियर एनटीआर ने बताया कि बघीरा सिर्फ चार साल का था. हालांकि, उसकी मौत की वजह के बारे में एक्टर ने कोई जानकारी साझा नहीं की है.
सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में एनटीआर बघीरा के साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं. एक तस्वीर में वह कंधे की सर्जरी के बाद स्लिंग पहने हुए अपने पालतू कुत्ते के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं.
वहीं, एक अन्य तस्वीर में बघीरा की कब्र पर पौधा लगा हुआ नजर आ रहा है. इन तस्वीरों से साफ है कि एनटीआर अपने इस साथी के कितने करीब थे.
फैंस और सेलेब्स ने जताया दुख
जूनियर एनटीआर की पोस्ट सामने आने के बाद उनके फैंस भावुक हो गए. सोशल मीडिया पर लोगों ने एक्टर के प्रति संवेदना जताई और बघीरा को श्रद्धांजलि दी. एक्ट्रेस श्रुति हासन ने भी एनटीआर की पोस्ट पर टूटे दिल वाली इमोजी के जरिए अपना दुख जाहिर किया.
जूनियर एनटीआर हाल ही में कंधे की चोट की सर्जरी से गुजरे हैं. ऐसे में बघीरा को खोने का दुख उनके लिए और भी भावुक कर देने वाला है.
वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर आखिरी बार ‘देवरा’ और ‘वॉर 2’ में नजर आए थे. अब वह प्रशांत नील की फिल्म ‘ड्रैगन’ में दिखाई देंगे. इसके अलावा त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ उनकी एक फिल्म को लेकर भी चर्चा है.