विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 180 मेधावी छात्रों का बढ़ाया हौसला, दी स्कॉलरशिप

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में की गई एक खास पहल है। दोनों सितारों ने ‘द देवरकोंडा फाउंडेशन’ के जरिए तेलंगाना के 180 मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।

रविवार को विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना तेलंगाना के अचंपेट मंडल पहुंचे, जहां उन्होंने 45 स्कूलों के 180 छात्रों को सम्मानित किया। अचंपेट का थुम्मनपेट गांव विजय देवरकोंडा का पैतृक गांव है। उनके पिता का जन्म और पालन-पोषण इसी गांव में हुआ था, इसलिए यह स्थान उनके लिए बेहद खास माना जाता है।

विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छात्रों की सूची साझा करते हुए बताया कि उन्होंने और रश्मिका ने फरवरी 2026 में इस पहल का सपना देखा था। उनका उद्देश्य 9वीं और 10वीं कक्षा के उन छात्रों को प्रोत्साहित करना था, जिन्होंने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने लिखा कि ये छात्र अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विजय देवरकोंडा ने छात्रों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह स्कॉलरशिप भले ही छोटी हो, लेकिन इसका मकसद बड़ा है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों की जिंदगी का हिस्सा बनना चाहते हैं और भविष्य में इस पहल को पूरे तेलंगाना तक पहुंचाने का सपना देखते हैं।

वहीं रश्मिका मंदाना ने भी कार्यक्रम में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक स्कॉलरशिप कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक अच्छी शुरुआत है। रश्मिका ने बताया कि उन्होंने और विजय ने इस पहल की शुरुआत अचंपेट और थुम्मनपेट से करने का फैसला किया था। इस मौके पर उन्होंने छात्रों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

दोनों सितारों की इस पहल की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *