KNEWS DESK – तमिल सुपरस्टार और अब राजनेता थलापति विजय एक बार फिर अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर जहां उनके राजनीतिक सफर की चर्चा तेज है, वहीं उनके पुराने इंटरव्यू का एक किस्सा भी अचानक वायरल हो गया है, जिसमें उन्होंने अपनी शादी से जुड़ी दिलचस्प कहानी साझा की थी।
पिता के सवाल से बदल गई जिंदगी
एक पुराने इंटरव्यू में विजय ने बताया था कि उनकी मुलाकात उनकी पत्नी संगीता से फिल्म ‘लव टुडे’ के सेट पर हुई थी। उस दौरान संगीता अपने परिवार के साथ उनसे मिलने आई थीं। बातचीत के दौरान संगीता की सादगी और स्वभाव ने विजय और उनके परिवार का दिल जीत लिया था।
विजय ने बताया था कि उनके पिता ने अचानक उनसे संगीता के बारे में राय पूछी और फिर सीधे शादी को लेकर सवाल कर दिया था। इस सवाल से वह थोड़े हैरान हो गए थे, लेकिन बाद में दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ते की बात आगे बढ़ी।
1999 में हुई थी शादी
विजय और संगीता ने 25 अगस्त 1999 को शादी की थी। दोनों अलग-अलग धर्मों से आते हैं, लेकिन परिवारों की सहमति से यह शादी संपन्न हुई थी। इसके बाद 2000 में उनके बेटे और 2005 में बेटी का जन्म हुआ।
पर्सनल लाइफ को लेकर चल रही चर्चाएं
हाल के दिनों में सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में विजय की निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आई हैं। हालांकि इन दावों को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इन चर्चाओं में अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम भी जोड़ा जा रहा है, लेकिन इस पूरे मामले पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।