सौरव गांगुली को मिली ‘Bigg Boss Bangla’ की कमान, प्रोमो आया सामने

KNEWS DESK – रिएलिटी शोज़ की दुनिया में बिग बॉस का क्रेज हमेशा से दर्शकों के बीच खास रहा है। हिंदी के साथ-साथ यह शो तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और मराठी जैसे कई भाषाओं में भी अलग-अलग सीज़न के साथ दर्शकों का मनोरंजन करता आया है। अब इसी फ्रेंचाइज़ी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है।

10 साल बाद ‘बिग बॉस बांगला’ की वापसी

करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद अब ‘बिग बॉस बांगला’ एक बार फिर टेलीविजन पर वापसी कर रहा है। इस शो का दूसरा सीज़न साल 2016 में प्रसारित हुआ था, जिसके बाद इसे बंद कर दिया गया था। अब तीसरे सीज़न के साथ शो की धमाकेदार वापसी हो रही है।

सौरव गांगुली होंगे नए होस्ट

इस बार शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी होस्टिंग की जिम्मेदारी पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली को सौंपी गई है। प्रोमो रिलीज होते ही फैंस में उत्साह बढ़ गया है।

प्रोमो में सौरव गांगुली को ईडन गार्डन्स में शानदार अंदाज में नजर आते हुए दिखाया गया है, जहां वह कहते हैं कि वह शो को “बेस्ट बनाने के लिए पूरी जान लगा देंगे।”

पहले भी होस्ट कर चुके हैं टीवी शो

गौरतलब है कि सौरव गांगुली के लिए यह पहला होस्टिंग अनुभव नहीं है। इससे पहले वे बंगाली गेम शो ‘दादागिरी’ को भी होस्ट कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी सख्त और मजेदार होस्टिंग से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था।

अब वह बिग बॉस बांगला के जरिए कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाते नजर आएंगे, जैसे हिंदी वर्जन में सलमान खान करते हैं।

‘बिग बॉस बांगला’ का इतिहास

इस शो का पहला सीज़न 2013 में आया था, जिसे अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने होस्ट किया था। इसके बाद 2016 में दूसरे सीज़न में अभिनेता जीत ने होस्टिंग की कमान संभाली थी। अब लंबे अंतराल के बाद शो एक नए अंदाज में लौट रहा है।

इस साल बंगाली टीवी इंडस्ट्री में कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जहां ‘दादागिरी’ शो को देव होस्ट कर रहे हैं, वहीं ‘दीदी नंबर 1’ में भी नए चेहरे की एंट्री देखने को मिली है। इसी बीच अब ‘बिग बॉस बांगला’ की वापसी ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *