KNEWS DESK – बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान हमेशा अपनी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार चर्चा का कारण उनका सिनेमा नहीं बल्कि क्रिकेट से जुड़ा एक ऐतिहासिक कदम है। शाहरुख के नाइट राइडर्स ग्रुप ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने उन्हें ग्लोबल स्पोर्ट्स मैप पर एक नई पहचान दिला दी है।
नाइट राइडर्स ग्रुप ने रचा इतिहास
नाइट राइडर्स ग्रुप अब दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसने इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया है। यह उपलब्धि लॉस एंजिल्स (LA) में बने नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड के जरिए हासिल हुई है, जिसने आधिकारिक तौर पर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट मैच होस्ट किया।
यह मैदान इंटरनेशनल स्तर के मानकों के अनुसार तैयार किया गया है और इसे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी बेहतरीन क्रिकेट अनुभव देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है।
शाहरुख खान का भावुक रिएक्शन
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि जो कभी एक सपना था, वह अब हकीकत बन चुका है। शाहरुख ने LA के इस नए क्रिकेट ग्राउंड में सभी का स्वागत करते हुए इसे सिर्फ खेल का मैदान नहीं बल्कि मनोरंजन और परिवारों के लिए भी एक खास जगह बताया।
उन्होंने अपने संदेश में जय शाह का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सफर में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। साथ ही शाहरुख ने ICC को भी धन्यवाद दिया और इसे नाइट राइडर्स परिवार, क्रिकेट फैंस और लॉस एंजिल्स के लिए गर्व का पल बताया।
वीडियो में भी दिखी खुशी
शाहरुख खान ने एक वीडियो संदेश में भी इस प्रोजेक्ट पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खेल के रूप में लॉस एंजिल्स में लाना एक ऐतिहासिक कदम है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक क्रिकेट वेन्यू नहीं बल्कि एक ऐसी जगह है जो कम्युनिटी, एनर्जी और एंटरटेनमेंट का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स की साझेदारी को लंबे समय की विज़न बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सिर्फ मैच कराना नहीं बल्कि एक जीवंत स्पोर्ट्स कल्चर तैयार करना है।
हाई-टेक सुविधाओं से लैस ग्राउंड
LA का यह नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें ICC स्टैंडर्ड के अनुसार बनाए गए 8 विकेट, 120 फीट ऊंचे 6 फ्लडलाइट टावर और वर्ल्ड-क्लास प्लेइंग एरिया शामिल है। इसके निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी हटाई गई ताकि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का आकार दिया जा सके।
यह स्टेडियम 1 जुलाई से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट मैचों की मेजबानी करेगा, जिससे लॉस एंजिल्स में टॉप-लेवल T20 क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। इस पहल से अमेरिका में तेजी से बढ़ते क्रिकेट के क्रेज को और भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।