KNEWS DESK – सलमान खान और ‘बिग बॉस’ का रिश्ता डेढ़ दशक से भी ज्यादा पुराना है। ‘बिग बॉस 4’ से शो की कमान संभालने वाले सलमान आज इस रियलिटी शो की पहचान बन चुके हैं। यही वजह है कि हर सीजन की शुरुआत से पहले उनके चार्ज को लेकर चर्चाएं तेज हो जाती हैं।
अब ‘बिग बॉस 20’ के ग्रैंड प्रीमियर से ठीक पहले एक बार फिर सलमान खान की फीस सुर्खियों में है। शो का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने वाला है और इसके लिए अभिनेता ने एपिसोड की शूटिंग भी कर ली है।
क्या सलमान ले रहे हैं 160 करोड़?
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सलमान खान इस बार ‘बिग बॉस 20’ को होस्ट करने के लिए करीब 160 करोड़ रुपये चार्ज कर रहे हैं। अगर यह आंकड़ा सही साबित होता है, तो यह शो के इतिहास में किसी होस्ट को दी जाने वाली सबसे बड़ी फीस में से एक होगी।
हालांकि, 160 करोड़ रुपये की फीस की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खुद सलमान खान पहले भी अपनी फीस को लेकर सामने आने वाली रिपोर्ट्स पर सफाई दे चुके हैं और कह चुके हैं कि उन्हें मीडिया में बताई जाने वाली रकम नहीं मिलती।
पिछले सीजन में कितनी थी फीस?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले सीजन में सलमान खान की फीस करीब 60 करोड़ रुपये प्रति महीने बताई गई थी। 15 से 16 हफ्तों तक चलने वाले पूरे सीजन के लिए उनकी कमाई 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच होने का दावा किया गया था।
वहीं, ‘वीकेंड का वार’ के दो एपिसोड के हिसाब से उनकी फीस करीब 10 से 15 करोड़ रुपये प्रति सप्ताह होने की भी चर्चा रही है।
‘बिग बॉस’ के मेकर्स के लिए सलमान खान सिर्फ एक होस्ट नहीं, बल्कि शो की सबसे बड़ी ब्रांड वैल्यू हैं। उनकी मौजूदगी से शो को स्टार पावर मिलती है और बड़े स्पॉन्सर्स के साथ दर्शकों की दिलचस्पी भी बनी रहती है।
अब देखना होगा कि ‘बिग बॉस 20’ के लिए सलमान की असली फीस कितनी है और क्या 160 करोड़ रुपये वाला दावा सच साबित होता है। फिलहाल, यह आंकड़ा आधिकारिक पुष्टि के बिना सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स का हिस्सा है।