Knews Desk– प्रियंका चोपड़ा आज सिर्फ बॉलीवुड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह इंटरनेशनल सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं. बॉलीवुड में कई हिट फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद प्रियंका ने हॉलीवुड का रुख किया और वहां भी अपनी एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा. अब आने वाले समय में प्रियंका चोपड़ा एक के बाद एक कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाली हैं. इनमें एसएस राजामौली की करीब 1400 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म ‘वाराणसी’ भी शामिल है. खास बात यह है कि इसके अलावा भी प्रियंका के पास कई बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स हैं.
एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर काफी समय से चर्चा है. फिल्म में प्रियंका चोपड़ा अहम भूमिका निभा रही हैं. इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे. बड़े बजट और राजामौली के निर्देशन की वजह से इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है. यह प्रोजेक्ट प्रियंका की बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में वापसी को भी खास बनाता है.प्रियंका चोपड़ा की लिस्ट में मीरा नायर की फिल्म ‘अमरी’ भी शामिल है. यह एक इंग्लिश फिल्म है, जिसमें प्रियंका अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिल्म में मैडम अजुरी का किरदार निभाएंगी. फिल्म में इमली वाट्सन, जयदीप अहलावत, अंजलि श्रीवर्मन और जिम सर्भ जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. इस फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पर मीरा नायर का काम है और इसे 2027 में रिलीज किए जाने की उम्मीद है.
इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा ‘जजमेंट डे’ नाम की फिल्म में भी दिखाई देंगी. इस प्रोजेक्ट में उनका लीड रोल बताया जा रहा है. फिल्म का निर्देशन निकोलस स्टोलर कर रहे हैं. प्रियंका के साथ इस फिल्म में विल फेरेल, जैक एफ्रॉन और बिली आइचनर जैसे हॉलीवुड कलाकार नजर आएंगे. इस प्रोजेक्ट के जरिए प्रियंका एक बार फिर बड़े हॉलीवुड सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखाई देंगी.हाल ही में प्रियंका के एक और बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट से जुड़ने की खबर सामने आई है. वह फिल्म ‘ब्लूफ्लाई’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ हॉलीवुड स्टार रसेल क्रो दिखाई देंगे. रसेल क्रो को ‘ग्लैडिएटर’ और ‘ए ब्यूटीफुल माइंड’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है. ऐसे में प्रियंका और रसेल क्रो की जोड़ी को स्क्रीन पर देखना काफी दिलचस्प होगा. इस प्रोजेक्ट को लेकर भी फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है.
प्रियंका चोपड़ा के पास एक और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट है, जिसमें वह हॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस एंजेलिना जोली के साथ नजर आ सकती हैं. हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. यह फिल्म, सीरीज या किसी अन्य फॉर्मेट का प्रोजेक्ट हो सकता है. आधिकारिक तौर पर इसकी पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी.इस तरह प्रियंका चोपड़ा आने वाले समय में अलग-अलग तरह के किरदारों और प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं. एक तरफ ‘वाराणसी’ जैसी बड़े बजट की भारतीय फिल्म है, तो दूसरी तरफ हॉलीवुड के बड़े सितारों के साथ उनके इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स हैं. ऐसे में प्रियंका का अगला दौर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक उनके करियर का एक और बड़ा अध्याय साबित हो सकता है.