Shahdol Crime News: मध्य प्रदेश के शहडोल में चिकन पकाने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया। पिता को बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
Knews Desk- मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के देवरा गांव में चिकन बनाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने अपनी मां पर हमला कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंचे पिता पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान पिता ने दम तोड़ दिया, जबकि मां का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, देवरा गांव निवासी दउआ दिनभर मजदूरी करने के बाद घर लौटे थे। उन्होंने परिवार के साथ चिकन बनाने की योजना बनाई और अपने बेटे अंजू को चिकन लाने के लिए 500 रुपये दिए। बेटा चिकन लेकर घर पहुंचा तो उसने खुद खाना पकाने की इच्छा जताई। बताया जा रहा है कि मां यशोदा ने बेटे को चिकन बनाने से मना किया। उन्हें आशंका थी कि उससे खाना खराब हो सकता है। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बेटे ने गुस्से में मां पर हमला कर दिया।
मां को बचाने पहुंचे पिता पर भी हमला
पत्नी पर हमला होते देख पिता बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान बेटे ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में माता-पिता दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एक मामूली पारिवारिक विवाद के इस तरह खूनी संघर्ष में बदल जाने से गांव में भी लोग सकते में हैं।
छतरपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
वहीं मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सटई रोड के पास रेलवे ट्रैक पर 45 वर्षीय राकेश खरे का क्षत-विक्षत शव मिला। राकेश कूरियर का काम करते थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है। उसके मुताबिक, घटना से एक दिन पहले पड़ोस की कुछ महिलाओं से मंदिर में पूजा-पाठ को लेकर विवाद हुआ था। महिला का आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गेट में तोड़फोड़ की। साथ ही उसके पति को जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।