knews desk – साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘फौजी’ लंबे समय से चर्चा में है. हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही यह पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं. कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर फिल्म के पोस्टपोन होने की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद प्रभास के फैंस के बीच भी असमंजस की स्थिति बन गई थी. अब मेकर्स ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
फिल्म के प्रोड्यूसर वाई रवि शंकर ने कंफर्म किया है कि ‘फौजी’ तय समय पर ही रिलीज होगी. यानी प्रभास की यह फिल्म 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंचेगी. उन्होंने एक तेलुगु टीवी चैनल से बातचीत में फिल्म को लेकर प्रभास की जमकर तारीफ भी की.
वाई रवि शंकर ने कहा कि ‘फौजी’ में प्रभास का काम दर्शकों को हैरान करने वाला है. उन्होंने कहा, “जब मैं कहता हूं कि प्रभास आप सभी को चौंकाने वाले हैं, तो मुझे पता है कि मैं क्या कह रहा हूं. ‘फौजी’ में उनका काम वाकई कमाल का होगा.”
सितंबर-अक्टूबर में आएगा टीजर
मेकर्स ने फिल्म के टीजर को लेकर भी अपडेट दिया है. वाई रवि शंकर के मुताबिक, ‘फौजी’ का टीजर सितंबर या अक्टूबर में रिलीज किया जा सकता है. टीजर के जरिए फिल्म की कहानी, प्रभास के किरदार और इसके पीरियड बैकड्रॉप की पहली झलक देखने को मिल सकती है.
प्रभास इस फिल्म को लेकर काफी गंभीरता से काम कर रहे हैं. प्रोड्यूसर के मुताबिक, एक्टर शूटिंग के दौरान लंबे समय तक सेट पर मौजूद रहते हैं. बताया गया है कि वह सुबह करीब 8 बजे से शाम 6 बजे तक सेट पर रहते हैं और अपने काम पर पूरा ध्यान देते हैं. यहां तक कि जिस दिन उनके हिस्से की शूटिंग नहीं होती, उस दिन भी वह सेट पर मौजूद रहते हैं.
अजय और अक्षय की फिल्मों से होगा क्लैश
‘फौजी’ की रिलीज के आसपास बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला भी देखने को मिलेगा. अजय देवगन की फिल्म ‘रेंजर’ 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. फिल्म में संजय दत्त और तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं.
इसके अलावा अक्षय कुमार की अनीस बज्मी के साथ आने वाली फिल्म भी 4 दिसंबर को रिलीज होने के लिए तय है. हालांकि, अक्षय की फिल्म के टाइटल की घोषणा अभी नहीं हुई है. ऐसे में प्रभास की ‘फौजी’ को अजय देवगन और अक्षय कुमार की फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल सकती है.
फिलहाल मेकर्स ने रिलीज डेट को लेकर स्थिति साफ कर दी है. अब फैंस की नजर फिल्म के टीजर पर है, जिससे पता चलेगा कि हनु राघवपुडी और प्रभास की यह जोड़ी पर्दे पर किस तरह का नया अनुभव लेकर आ रही है.