KNEWS DESK – साउथ फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे डायरेक्टर्स हैं जिन्होंने अपने शानदार विजन और दमदार फिल्मों के दम पर खास पहचान बनाई है। इन्हीं में एक नाम है Nelson Dilipkumar का, जिन्होंने बेहद कम समय में बड़ी सफलता हासिल कर ली। खास बात ये है कि उन्होंने अब तक सिर्फ चार फिल्में डायरेक्ट की हैं, लेकिन चारों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें साउथ से लेकर हिंदी ऑडियंस तक के बीच पॉपुलर बना दिया।
नेल्सन दिलीपकुमार ने अपने डायरेक्शन करियर की शुरुआत साल 2018 में फिल्म Kolamavu Kokila से की थी। इस फिल्म में Nayanthara लीड रोल में नजर आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 8 करोड़ रुपये था, जबकि इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 73 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। अपनी पहली ही फिल्म से नेल्सन ने साबित कर दिया कि वो अलग तरह की कहानियां बड़े एंटरटेनिंग अंदाज में पेश करना जानते हैं।
इसके बाद साल 2021 में उनकी फिल्म Doctor रिलीज हुई, जिसमें Sivakarthikeyan लीड रोल में थे। फिल्म ने रिलीज के बाद जबरदस्त कमाई की और लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार किया। बताया जाता है कि फिल्म का बजट करीब 25 करोड़ रुपये था। यानी इस फिल्म ने अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर नेल्सन को एक भरोसेमंद डायरेक्टर बना दिया।
साल 2022 में नेल्सन ने Vijay के साथ फिल्म Beast बनाई। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी क्रेज था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 300 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का एक्शन और विजय का स्टाइल लोगों को काफी पसंद आया था।
हालांकि नेल्सन दिलीपकुमार को सबसे बड़ी सफलता साल 2023 में मिली, जब उनकी फिल्म Jailer रिलीज हुई। इस फिल्म में Rajinikanth लीड रोल में नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करते हुए लगभग 650 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 220 करोड़ रुपये था। यही नहीं, ‘जेलर’ रजनीकांत के करियर की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई।
‘जेलर’ में Mohanlal, Shivarajkumar और Jackie Shroff के कैमियो ने भी फिल्म को खास बना दिया था। अब नेल्सन दिलीपकुमार इसी फिल्म के सीक्वल पर काम कर रहे हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है।