यूपी के सरकारी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में यूनिफॉर्म होगी अनिवार्य

Knews Desk– उत्तर प्रदेश की राज्यपाल Anandiben Patel ने राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य करने का बड़ा फैसला लिया है। यह निर्देश राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों पर लागू होगा।

राज्यपाल ने यह फैसला जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से संबद्ध सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों की समीक्षा बैठक के दौरान लिया। बैठक में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान कई संस्थानों में कमियों को लेकर राज्यपाल ने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि यूनिफॉर्म व्यवस्था लागू होने से छात्रों में अनुशासन बढ़ेगा और शैक्षणिक माहौल बेहतर होगा। उन्होंने अधिकारियों और कुलपतियों को निर्देश दिया कि सभी संस्थानों में नियमित निरीक्षण किया जाए और जो कमियां हैं उन्हें जल्द दूर किया जाए।

बैठक में छात्राओं की सुरक्षा और महिला छात्रावासों की स्थिति पर भी विशेष चर्चा हुई। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि हर विश्वविद्यालय और कॉलेज में ऐसी समितियां बनाई जाएं जहां छात्र और छात्राएं अपनी समस्याएं खुलकर रख सकें और उनका जल्द समाधान हो। उन्होंने शिक्षकों को भी समय पर कक्षाएं लेने और छात्रों की नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा राज्यपाल ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने ब्यूटीशियन, मेहंदी, GST, अकाउंटेंसी और मिलेट आधारित फूड प्रोडक्ट जैसे कोर्स शुरू करने की बात कही ताकि छात्राओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को मुख्य विषयों के साथ योग, पेंटिंग और अन्य स्किल आधारित शिक्षा भी दी जानी चाहिए ताकि उन्हें भविष्य में रोजगार पाने में आसानी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *