KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार Suriya की फिल्म Karuppu बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के दो हफ्ते बाद भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है। खास बात यह है कि यह फिल्म अब सूर्या के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो चुकी है। वहीं, फिल्म में Trisha Krishnan की एक्टिंग को भी दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
फिल्म को रिलीज हुए 13 दिन हो चुके हैं और अब इसके ताजा बॉक्स ऑफिस आंकड़े सामने आ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘करुप्पु’ ने 13वें दिन भारत में करीब 4.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि बीते दिन के मुकाबले कमाई में लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली, लेकिन वीकडेज में भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। यही वजह है कि आने वाले वीकेंड और बकरीद की छुट्टियों से फिल्म को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 163.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 188.85 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। दुनियाभर में फिल्म का कुल कारोबार 258.85 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
अगर भाषा के हिसाब से बात करें तो 13वें दिन फिल्म ने तमिल वर्जन से 3.30 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि तेलुगु से करीब 70 लाख रुपये का बिजनेस हुआ। फिल्म के कुल 4,558 शोज चले और ऑक्यूपेंसी लगभग 21.1 प्रतिशत दर्ज की गई।
दरअसल, ‘करुप्पु’ की सबसे बड़ी ताकत इसका ओवरसीज कलेक्शन बनकर सामने आया है। जहां भारत में फिल्म अभी 200 करोड़ तक नहीं पहुंची है, वहीं विदेशी बाजारों से फिल्म लगभग 70 करोड़ रुपये कमा चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में ओवरसीज मार्केट में फिल्म आसानी से 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।
अब सभी की नजर फिल्म के 300 करोड़ क्लब में शामिल होने पर टिकी हुई है। फिलहाल फिल्म को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए करीब 42 करोड़ रुपये की और जरूरत है। बकरीद और वीकेंड का फायदा मिला तो सूर्या की यह फिल्म जल्द ही नया रिकॉर्ड बना सकती है।
फिल्म के शुरुआती 13 दिनों की कमाई भी काफी दमदार रही। पहले दिन फिल्म ने 15.50 करोड़ रुपये से ओपनिंग की थी। इसके बाद दूसरे दिन 24.15 करोड़ और तीसरे दिन 28.35 करोड़ रुपये की शानदार कमाई देखने को मिली। वहीं दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने लगातार स्थिर प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।