KNEWS DESK – रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ के जजमेंट डे एपिसोड में अभिनेता हर्षद चोपड़ा ने अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा राज खोला, जिसे सुनकर शो में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। एलिमिनेशन से बचने के लिए कंटेस्टेंट्स को अपनी जिंदगी का ऐसा सीक्रेट बताना था, जिसके बारे में अब तक किसी को जानकारी न हो। इसी दौरान हर्षद ने अपनी पर्सनल लाइफ के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की।
हर्षद चोपड़ा ने अपने पहले रिलेशनशिप और उससे जुड़े दर्दनाक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि ब्रेकअप के बाद उनकी मानसिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय वह इतने भावनात्मक रूप से टूट गए थे कि उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी।
पहले प्यार के टूटने से टूट गए थे हर्षद
हर्षद ने बताया कि यह उनकी जिंदगी का पहला रिश्ता था। जब यह रिश्ता खत्म हुआ, तब वह मुंबई में नए-नए आए थे और उनकी उम्र करीब 22-23 साल थी। उन्होंने कहा कि उस समय वह इस दर्द को संभाल नहीं पाए और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह उस परिस्थिति से कैसे बाहर निकलें।
अभिनेता ने बताया कि उस घटना के बारे में उन्होंने अपनी फैमिली को भी कभी नहीं बताया। उन्होंने इतने सालों तक इस बात को अपने तक ही रखा।
हर्षद ने बताई उस रात की कहानी
शो में अपने सीक्रेट का खुलासा करते हुए हर्षद ने कहा कि ब्रेकअप के बाद एक समय ऐसा आया जब उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उस वक्त वह ऐसी भावनाओं से गुजर रहे थे, जिन्हें वह महसूस नहीं करना चाहते थे।
हर्षद ने कहा कि उस घटना के बाद उनकी कलाई पर आज भी निशान मौजूद है। हालांकि, वह किसी तरह खुद को संभालते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्रक्रिया के तहत पुलिस को जानकारी देने की बात कही, लेकिन हर्षद ने उनसे काफी मिन्नतें कीं।
मुश्किल दौर के बाद खुद से किया था वादा
हर्षद चोपड़ा ने बताया कि उस घटना के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी में आने वाली परेशानियों का सामना करना जरूरी है। उन्होंने खुद से वादा किया कि वह भविष्य में कभी भी खुद को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।
अभिनेता के इस खुलासे के बाद ‘लॉकअप 2’ के कंटेस्टेंट्स और होस्ट भी भावुक नजर आए। हर्षद की इस कहानी ने दर्शकों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया कि पर्दे पर मजबूत नजर आने वाले सितारे भी निजी जिंदगी में कई मुश्किलों से गुजरते हैं।