Academy Awards के 99 साल के इतिहास में पहली बार बदले 3 बड़े नियम, भारत के लिए आई बड़ी खुशखबरी

KNEWS DESK – दुनियाभर के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म सम्मान Academy Awards यानी ऑस्कर्स को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 2027 से इस ऐतिहासिक अवॉर्ड समारोह के कई नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर कलाकारों, फिल्मों और अलग-अलग देशों की एंट्री पर पड़ेगा। लगभग 100 साल पुराने इस सम्मान में किए गए ये बदलाव खासतौर पर एक्टर्स, इंटरनेशनल फिल्मों और एआई के इस्तेमाल को लेकर चर्चा में हैं।

इस बार One Battle After Another और Sinners जैसी फिल्मों ने कई कैटेगरीज में धूम मचाई, लेकिन अब आने वाले 99वें संस्करण में नियमों का नया दौर शुरू होने जा रहा है।

पहला बड़ा बदलाव: एक ही कैटेगरी में डबल नॉमिनेशन

अब तक किसी भी कलाकार को एक ही एक्टिंग कैटेगरी में सिर्फ एक बार ही नॉमिनेट किया जा सकता था। यानी अगर किसी एक्टर की दो शानदार परफॉर्मेंस हों, तब भी सिर्फ एक फिल्म ही चुनी जाती थी।

लेकिन 2027 से यह नियम बदल जाएगा। अब अगर किसी कलाकार की एक ही साल में दो बेहतरीन परफॉर्मेंस हैं और दोनों को पर्याप्त वोट मिलते हैं, तो वह एक ही कैटेगरी में दो बार नॉमिनेट हो सकता है। इस बदलाव से कई कलाकारों को उनका सही हक मिल सकेगा, जो पहले नियमों की वजह से छूट जाते थे।

दूसरा नियम: AI की मदद से बनी परफॉर्मेंस को नहीं मिलेगा अवॉर्ड

आजकल फिल्मों में Artificial Intelligence का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। कई बार किसी सीन को बेहतर बनाने, चेहरे बदलने या परफॉर्मेंस को एडवांस दिखाने के लिए एआई का सहारा लिया जाता है। पहले ऐसी परफॉर्मेंसेज भी अवॉर्ड की दौड़ में शामिल हो जाती थीं, लेकिन अब अकादमी ने इस पर सख्ती दिखाई है।

नए नियम के मुताबिक, एआई से प्रभावित एक्टिंग, राइटिंग या किसी भी तरह की परफॉर्मेंस को ऑस्कर नॉमिनेशन के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा। यानी असली प्रतिभा और मानवीय प्रदर्शन को ही प्राथमिकता मिलेगी।

तीसरा बदलाव: भारत को मिल सकता है बड़ा फायदा

सबसे दिलचस्प बदलाव Academy Awards की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में हुआ है। पहले हर देश अपनी ऑफिशियल सिलेक्शन कमिटी के जरिए सिर्फ एक ही फिल्म ऑस्कर के लिए भेज सकता था। लेकिन अब नियमों में ढील देते हुए एक से ज्यादा फिल्मों को भेजने की अनुमति दी गई है। यानी अब भारत जैसे देश, जहां हर साल कई मजबूत और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बनती हैं, एक ही कैटेगरी में दो फिल्मों को भी भेज सकते हैं। यह बदलाव भारतीय सिनेमा के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं माना जा रहा है।

14 मार्च 2027 को होगा अगला ऑस्कर

Academy Awards का 99वां संस्करण 14 मार्च 2027 को आयोजित किया जाएगा। इसी समारोह से ये सभी नए नियम लागू होंगे। ऑस्कर्स जल्द ही अपने 100 साल पूरे करने जा रहा है और इस ऐतिहासिक पड़ाव से पहले किए गए ये बदलाव यह दिखाते हैं कि अकादमी समय के साथ खुद को लगातार अपडेट कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *