KNEWS DESK – टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर का आनंद ले रही हैं। हाल ही में मां बनीं दिव्यांका ने पहली बार अपने जुड़वा बेटों के साथ कुछ खास तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें देखकर फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई इन तस्वीरों में अभिनेत्री अपने नन्हे राजकुमारों को गोद में लिए हुए दिखाई दे रही हैं।
दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया के घर शादी के करीब 10 साल बाद खुशियों ने दस्तक दी है। 26 मई को अभिनेत्री ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। इस खुशखबरी के सामने आने के बाद से ही फैंस बच्चों की एक झलक देखने का इंतजार कर रहे थे। अब दिव्यांका ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस इंतजार को खत्म कर दिया है।
शेयर की गई तस्वीरों में दिव्यांका अपने दोनों बेटों पर प्यार लुटाती नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वह बच्चे को प्यार से चूमती दिख रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में उसे दुलार करती हुई नजर आ रही हैं। हालांकि, उन्होंने बच्चों का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया और उनकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा।
इन तस्वीरों के साथ दिव्यांका ने बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “मुझे चुनने के लिए शुक्रिया।” अभिनेत्री की इस पोस्ट पर फैंस और सेलेब्स लगातार बधाइयां दे रहे हैं। कमेंट सेक्शन प्यार और शुभकामनाओं से भर गया है।
बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने 8 जुलाई 2016 को भोपाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। शादी के एक दशक बाद माता-पिता बनने की खुशी ने उनके जीवन में नई रोशनी भर दी है। दोनों इस नए सफर को बेहद खास मान रहे हैं और अपने परिवार के साथ इस पल का भरपूर आनंद ले रहे हैं।