KNEWS DESK – टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री Divyanka Tripathi इन दिनों अपने जीवन के सबसे खूबसूरत दौर यानी मदरहुड का आनंद ले रही हैं। हाल ही में जुड़वा बेटों की मां बनीं दिव्यांका अक्सर अपने फैंस के साथ इस नए सफर की झलकियां साझा करती रहती हैं। अब अभिनेत्री ने अपने नए व्लॉग में दोनों बेटों के बारे में कई दिलचस्प बातें बताई हैं, जिनमें उनके निकनेम और स्वभाव से जुड़ी जानकारी भी शामिल है।
अपने यूट्यूब व्लॉग में दिव्यांका ने बताया कि अभी तक दोनों बच्चों का आधिकारिक नामकरण नहीं हुआ है। ऐसे में उन्होंने प्यार से अपने बेटों के निकनेम रखे हैं। अभिनेत्री अपने बड़े बेटे को ‘टी1’ और छोटे बेटे को ‘टी2’ कहकर बुलाती हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल घर में दोनों इसी नाम से पहचाने जाते हैं।
व्लॉग में दिव्यांका और उनके पति Vivek Dahiya ने बच्चों के स्वभाव के बारे में भी बात की। दिव्यांका के मुताबिक, दोनों बेटों की पर्सनैलिटी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। जहां टी1 बेहद शांत और सहज स्वभाव का है, वहीं टी2 काफी चंचल और ध्यान आकर्षित करने वाला बच्चा है।
विवेक दहिया ने मजाकिया अंदाज में कहा कि टी1 का स्वभाव उन्हें भगवान श्रीराम की याद दिलाता है, क्योंकि वह बिना किसी परेशानी के आराम से फीड करता है और फिर सो जाता है। दूसरी ओर टी2 हमेशा परिवार का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है और घर में उसकी मौजूदगी हर किसी को महसूस होती है।
दिव्यांका ने बताया कि उन्हें यह देखकर हैरानी होती है कि एक ही समय पर जन्म लेने वाले दो बच्चे स्वभाव और व्यवहार में इतने अलग कैसे हो सकते हैं। अभिनेत्री का कहना है कि वह अभी दोनों बच्चों की आदतों, पसंद-नापसंद और मूड को समझने की कोशिश कर रही हैं।
मदरहुड के अनुभव पर बात करते हुए दिव्यांका ने कहा कि जब उनके बच्चे सोते हैं तो वह उन्हें देर तक निहारती रहती हैं। उन्होंने बताया कि एक मां के तौर पर वह दोनों की दिनचर्या को समझने और उनके सोने-खाने का समय एक जैसा बनाने की कोशिश कर रही हैं।
गौरतलब है कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया शादी के लगभग दस साल बाद माता-पिता बने हैं। साल 2016 में विवाह बंधन में बंधे इस कपल ने मई महीने में जुड़वा बेटों का स्वागत किया था। तब से दोनों अपने फैंस के साथ इस खास सफर की यादें लगातार साझा कर रहे हैं।