Knews Desk– उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC की PCS 2026 भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए पदों की संख्या बढ़ने से अवसरों में इजाफा हुआ है। आयोग ने जून में PCS-2026 का विज्ञापन जारी करते समय 500 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। इसके बाद विभिन्न विभागों से रिक्त पदों की जानकारी आयोग को मिली, जिन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है। अब कुल रिक्तियों की संख्या 728 हो गई है।
इस तरह PCS 2026 भर्ती में 228 पद बढ़ाए गए हैं। खास बात यह है कि आयोग ने रिक्तियों की संख्या को अभी अंतिम नहीं माना है। प्रिलिम्स परीक्षा का रिजल्ट जारी होने तक अगर अलग-अलग विभागों से और रिक्तियां मिलती हैं, तो उन्हें भी इसी भर्ती में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में कुल पदों की संख्या आगे और बढ़ने की संभावना बनी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, इस भर्ती में माध्यमिक शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा पद शामिल किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के 158 पद हैं। इसके अलावा सह जिला विद्यालय निरीक्षक, उप सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद, जिला विद्यालय निरीक्षक और समकक्ष पदों के लिए 41 रिक्तियां शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के DIET में वरिष्ठ प्रवक्ता के 122 पद हैं। वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी के 74 और सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी के 58 पद शामिल किए गए हैं। डिप्टी कलेक्टर के 33 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।नगर विकास विभाग में सहायक नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2 के 26 पद शामिल हैं। इसी विभाग में लेखा एवं वित्त अधिकारी के नौ पद हैं। सहायक आयुक्त उद्योग के 56, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 16, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 17 और आबकारी निरीक्षक के 14 पद भी भर्ती का हिस्सा हैं।राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में सचिव श्रेणी-2 के 28 पद, लेखा एवं समायोजन अधिकारी के सात पद और विपणन अधिकारी के दो पद शामिल हैं। वित्त विभाग में पांच पद हैं, जबकि सचिवालय प्रशासन में व्यवस्थापक के आठ पदों पर भर्ती होगी।
समाज कल्याण विभाग में जिला समाज कल्याण अधिकारी और समकक्ष के 13 पद शामिल हैं। इसके अलावा जिला प्रोबेशन अधिकारी के सात पद हैं। जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कमांडेंट होमगार्ड और सहायक आयुक्त खादी एवं ग्रामोद्योग के चार-चार पद हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी के दो पद भी भर्ती में शामिल किए गए हैं।इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक नियंत्रक विधि माप, विशेष कार्याधिकारी कंप्यूटर, सहायक अभियोजन अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के एक-एक पद भी शामिल हैं।PCS-2026 की प्रारंभिक परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है। ऐसे में बढ़ी हुई रिक्तियों के बाद परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती से जुड़ी आगे की घोषणाएं महत्वपूर्ण रहेंगी। आयोग की ओर से प्रिलिम्स रिजल्ट तक मिलने वाली अतिरिक्त रिक्तियों को भी इसी भर्ती में शामिल किया जा सकता है।