Knews Desk– NEET UG 2026 पास करने वाली छात्राओं के लिए भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर आया है. सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (Armed Forces Medical Services-AFMS) ने चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing) कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस कोर्स के जरिए चयनित उम्मीदवारों को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (Military Nursing Service-MNS) में अधिकारी के रूप में करियर बनाने का अवसर मिलेगा. देशभर के AFMS नर्सिंग कॉलेजों में कुल 220 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती के लिए केवल वही महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं जिन्होंने NEET UG 2026 परीक्षा पास की हो. उम्मीदवार का 10+2 में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और अंग्रेजी विषय होना अनिवार्य है. साथ ही 12वीं की परीक्षा पहली ही कोशिश में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है. आवेदन करने वाली अभ्यर्थी का जन्म 1 अक्टूबर 2001 से 30 सितंबर 2009 के बीच होना चाहिए. सामान्य वर्ग की उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों और उत्तर-पूर्वी राज्यों की उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 147 सेंटीमीटर रखी गई है.चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले उम्मीदवारों को NEET UG 2026 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, कंप्यूटर आधारित टेस्ट ऑफ जनरल इंटेलिजेंस एंड जनरल इंग्लिश (ToGIGE), मनोवैज्ञानिक परीक्षण, चयन बोर्ड इंटरव्यू और मेडिकल फिटनेस टेस्ट आयोजित किया जाएगा. सभी चरणों में सफल रहने वाले उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा.
चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षण के दौरान चयनित उम्मीदवारों को कई सुविधाएं भी मिलेंगी. प्रशिक्षण अवधि में मासिक स्टाइपेंड, मुफ्त राशन, वर्दी और अन्य निर्धारित भत्ते उपलब्ध कराए जाएंगे. सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद योग्य उम्मीदवारों को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (MNS) में अधिकारी के रूप में नियुक्ति का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें भारतीय सेना के चिकित्सा तंत्र का हिस्सा बनकर देश सेवा करने का मौका मिलेगा.जो उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें और पात्रता, चयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य सभी दिशा-निर्देशों की अच्छी तरह जांच कर लें. निर्धारित समय के भीतर आवेदन पूरा करना जरूरी होगा, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.