Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के आह्वान के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए इंटरैक्टिव टॉकथॉन का आयोजन किया। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और विशेषज्ञों ने नशीली दवाओं के सेवन से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य और साथियों के दबाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
करीब 45 मिनट चले इस टॉकथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समस्याओं पर विशेषज्ञों से सीधे बातचीत का अवसर देना था। कार्यक्रम के दौरान देशभर के छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने सवाल भेजे। छात्रों ने खास तौर पर मानसिक स्वास्थ्य, पीयर प्रेशर यानी साथियों के दबाव और नशे की आदत से बचने या उससे बाहर निकलने के उपायों को लेकर सवाल किए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2026 को देश को नशीली दवाओं की बुराई से मुक्त कराने और नशामुक्त भारत बनाने का आह्वान किया था। CBSE ने इसी अभियान को युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें इससे जोड़ने के उद्देश्य से इस टॉकथॉन का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्रों को अपनी जिज्ञासाओं और चिंताओं को विशेषज्ञों के सामने रखने का मौका मिला।
टॉकथॉन में विशेषज्ञ पैनल में एम्स नई दिल्ली के मनोचिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. नंद कुमार, मयूर स्कूल नोएडा की प्रिंसिपल अलका अवस्थी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नई दिल्ली के अतिरिक्त निदेशक डॉ. अनीस सी. शामिल रहे। विशेषज्ञों ने छात्रों द्वारा सोशल मीडिया के जरिए पूछे गए सवालों के जवाब दिए और नशे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।कार्यक्रम की मेजबानी भी छात्रों ने की। इसमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-4, आरके पुरम, दिल्ली की छात्रा सामिया और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-3, दिल्ली कैंट के कक्षा 12 के छात्र रोहित सिंह शामिल रहे। दोनों छात्र मेजबान के तौर पर कार्यक्रम से जुड़े और विशेषज्ञों के साथ बातचीत को आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम का प्रसारण एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया गया। CBSE ने छात्रों से #NashaMuktYuva और #CBSETalkathon हैशटैग के साथ अपने सवाल भेजने की अपील की थी। कार्यक्रम को आधिकारिक CBSE यूट्यूब चैनल पर भी लाइव स्ट्रीम किया गया।टॉकथॉन के दौरान युवाओं की ओर से मानसिक स्वास्थ्य और साथियों के दबाव से जुड़े कई सवाल सामने आए। विशेषज्ञों ने छात्रों की चिंताओं को सुना और नशे से बचाव के लिए जागरूकता, सही जानकारी और स्वस्थ विकल्पों की जरूरत पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए जानकारी उपलब्ध कराना था, जिनमें वे नशे की ओर आकर्षित हो सकते हैं।
कार्यक्रम को सोशल मीडिया पर भी युवाओं की प्रतिक्रिया मिली। CBSE के अनुसार, टॉकथॉन के दौरान #CBSETalkathon भारत में नंबर एक पर ट्रेंड कर रहा था। कार्यक्रम की तकनीकी, प्रोडक्शन और लॉजिस्टिक सहायता राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक डीडी न्यूज की ओर से उपलब्ध कराई गई।CBSE ने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं में स्वस्थ और जिम्मेदार विकल्पों की समझ विकसित करना महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य के तहत छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक करने और उनके सवालों का विशेषज्ञों के माध्यम से जवाब देने के लिए यह टॉकथॉन आयोजित किया गया।