Knews Desk- युवाओं के पास अगर समाज की समस्याओं को हल करने वाला कोई नया बिजनेस आइडिया है, तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का शानदार मौका है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर ने यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज (YEC) 2027 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस प्रतियोगिता में 18 से 35 वर्ष की आयु के युवा अपने इनोवेटिव आइडिया पेश कर सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप तैयार करने में मदद और राष्ट्रीय स्तर पर अपना विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली पांच टीमों को 30 हजार रुपये से लेकर 1.50 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 22 अक्टूबर 2026 तक My Bharat पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज 2027 केंद्र सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की पहल है। इसे विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD) 2027 के तहत आयोजित किया जा रहा है। IIT कानपुर इस प्रतियोगिता का ज्ञान भागीदार है। संस्थान का स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) युवाओं के विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने में मदद करेगा। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उनके नए विचारों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है।इस प्रतियोगिता में 18 से 35 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। ऐसे स्टार्टअप संस्थापक आवेदन कर सकते हैं, जिनका उद्यम स्टार्टअप इंडिया के तहत DPIIT से मान्यता प्राप्त हो या MSME के रूप में पंजीकृत हो। इसके अलावा, सरकारी, निजी, गैर-सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में काम करने वाले प्रोफेशनल भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, नौकरी करने वाले उम्मीदवारों को अपने नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देना होगा। प्रतिभागी अकेले या अधिकतम तीन सदस्यों की टीम बनाकर हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता के किसी भी चरण में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
प्रतिभागी स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, शासन, सुलभता, आपदा प्रबंधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। अन्य सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े इनोवेटिव आइडिया भी स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान समस्या, उसके संभावित समाधान और अपने विचार से होने वाले लाभ की जानकारी देनी होगी।आवेदनों की शुरुआती जांच के बाद अक्टूबर और नवंबर 2026 में क्षेत्रीय स्तर पर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से तीन टीमों का चयन किया जाएगा। इसके बाद IIT कानपुर प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से एक राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चुनेगा। चयनित टीमों को दिसंबर 2026 में ऑनलाइन मेंटरशिप और 8-9 दिसंबर को IIT कानपुर में व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रत्येक राष्ट्रीय फाइनलिस्ट टीम को पोस्टर और प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए 5,000 रुपये मिलेंगे। क्षेत्रीय चरण में अपने गृह राज्य से बाहर यात्रा करने वाली टीमों को 10,000 रुपये तक की यात्रा सहायता भी दी जाएगी।
प्रतियोगिता का राष्ट्रीय प्रदर्शन और पुरस्कार समारोह 10 से 12 जनवरी 2027 तक VBYLD 2027 में आयोजित होगा। फाइनलिस्ट टीमों को राष्ट्रीय जूरी के सामने तीन मिनट में अपना आइडिया प्रस्तुत करना होगा। शीर्ष पांच टीमों को क्रमशः 1,50,000 रुपये, 1,00,000 रुपये, 75,000 रुपये, 50,000 रुपये और 30,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। सभी राष्ट्रीय फाइनलिस्टों को प्रमाण पत्र भी मिलेगा।=आवेदन करने के लिए उम्मीदवार My Bharat पोर्टल पर जाकर VBYLD 2027 Youth Entrepreneurs Challenge के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर 2026 है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि वे समय रहते आवेदन पूरा करें और पात्रता, जरूरी दस्तावेजों तथा चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लें।