पुणे मर्डर केस मे बड़ा खुलासा: सिया औरचेतन ने कर ली थी सीक्रेट शादी? व्हाटसऐप चैट से खुले कई राज

केतन अग्रवाल केस में पुलिस के हाथ बड़ा सबूत लगा है. सूत्रों के हवाले से जांचकर्ताओं का दावा है कि सिया और चेतन चौधरी 4 महीने पहले गुपचुप मैरिज कर चुके थे. जांच की जा रही है कि केतन अग्रवाल के मर्डर के पीछे ये शादी तो वजह नहीं थी?

Knews Desk- पुणे के चर्चित लोहागढ़ केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक नया दावा सामने आया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने करीब चार महीने पहले ही चोरी-छिपे शादी कर ली थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन की व्हाट्सऐप चैट की जांच के दौरान कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर यह आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि केतन अग्रवाल से सगाई के बाद सिया और चेतन ने यह कथित गुप्त शादी की थी।

इस मामले में 16 जुलाई को आरोपियों को पुणे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस अब तक जुटाए गए सबूतों को अदालत के सामने रख सकती है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सिया और चेतन ने चार महीने पहले स्थानीय रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी की थी।

सीक्रेट शादी के गवाहों से पूछताछ जारी

पुलिस ने इस कथित गुप्त शादी को लेकर सिया के कॉलेज के दो दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्तों ने कथित तौर पर शादी से जुड़े दस्तावेजों पर गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। इसके अलावा पुलिस की टेक्निकल टीम सिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट की गई तस्वीरों को रिकवर करने में जुटी है। जांच में सामने आया है कि इन तस्वीरों में कथित तौर पर सिया और चेतन एक-दूसरे को वरमाला पहनाते हुए नजर आ रहे थे।

जांच अधिकारियों को शक है कि हत्या की योजना अचानक बनाई गई, क्योंकि केतन के परिवार की ओर से उदयपुर में होने वाली डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारियों के लिए सिया का पहचान पत्र मांगा जा रहा था। पुलिस बैंक लेन-देन की भी जांच कर रही है कि कहीं चेतन ने कथित गुप्त शादी के सार्वजनिक नोटिस से बचने के लिए किसी बिचौलिए को पैसे तो नहीं दिए थे।

केतन की हत्या का आरोप सिया और चेतन पर

गौरतलब है कि पुणे की एक अदालत ने 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। दोनों पर आरोप है कि 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले में एक चट्टान से धक्का देकर केतन की हत्या की गई। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर महीने में उदयपुर में तय थी।

सहेली को भेजे मैसेज में सिया ने कही थी शादी टूटने की बात

जांच के दौरान पुलिस के हाथ सिया गोयल का अपनी सहेली के साथ किया गया एक स्नैपचैट मैसेज भी लगा है। इसमें कथित तौर पर सिया ने लिखा था कि केतन से उसकी शादी नहीं होने वाली है। यह संदेश मई महीने का बताया जा रहा है, जो हत्या की घटना से कुछ हफ्ते पहले भेजा गया था।

जानकारी के मुताबिक, सिया ने अपनी सहेली से उदयपुर में होने वाली शादी की टिकट बुकिंग के लिए आधार कार्ड की जानकारी मांगी थी। इसी दौरान उसने मैसेज में लिखा था कि दोनों तरफ के आधार कार्ड की फोटो भेज दो, हालांकि यह शादी होने वाली नहीं है, फिर भी भेज दो।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केतन के परिवार ने नवंबर में होने वाली शादी की तैयारियां शुरू कर दी थीं। रिश्तेदारों की यात्रा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए गोयल परिवार से मेहमानों की सूची और आधार कार्ड की जानकारी मांगी जा रही थी। इसी दौरान सामने आए घटनाक्रम ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *