बंथरा में पिटाई से घायल युवक की मौत पर हंगामा: सुबह 8 बजे से रोड जाम, शव रखकर प्रदर्शन; परिजन पुलिस की भी बात नही मान रहें

Knews desk- लखनऊ के बंथरा में बकरी को टक्कर लग जाने पर एक युवक को लाठी से पीटा गया। आज मंगलवार को 10 दिन बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन आरोपियों पर FIR लिखवाने थाने पहुंचे। वहां रिपोर्ट न लिखे जाने के बाद उनका आक्रोश फूट पड़ा।

परिजनों ने मृत युवक का शव बंथरा थाना क्षेत्र के फतेहगंज-नारायणपुर रोड पर रख दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि पुलिस को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करनी होगी। पुलिस सुबह 8 बजे से समझा रही है लेकिन परिजन हट नहीं रहे हैं।

बंथरा के मवई पड़ियाना निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार 27 जून को अपनी बाइक बनवाने मवई चौराहा जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक के सामने बकरी आ गई। उसे हल्की टक्कर लगी तो गांव के महिपाल और उनके भतीजे अनीस ने जितेंद्र की पिटाई कर दी, जिससे जितेंद्र को गंभीर चोटें आई थीं।

समझौता होने पर नहीं दर्ज कराया मुकदमा

सूचना मिलने पर परिजनों ने जितेंद्र को दुबग्गा स्थित न्यू लखनऊ सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बंथरा थाने में मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन आरोपी पक्ष और उनके बीच समझौता हो गया। आरोपियों ने इलाज का खर्च उठाने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने आधे-अधूरे इलाज के बाद पैसे देना बंद कर दिया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने जितेंद्र को डिस्चार्ज कर दिया।

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

मौत के बाद थाने में शिकायत दी, लेकिन दर्ज हुई रिपोर्ट

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजन जितेंद्र को उसकी बहन पिंकी के घर खुशहालगंज ले आए, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार तड़के करीब 6 बजे वे बंथरा थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद ही उनका गुस्सा फूट पड़ा और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक जितेंद्र मजदूरी करता था। पिता रामकुमार, मां रामकुमारी, छोटा भाई सुमित और 3 विवाहित बहनें रिंकी, पिंकी और कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक जितेंद्र मजदूरी करता था।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज न करने पर परिजनों ने फतेहगंज-नारायणपुर रोड स्थित मवई चौराहे के पास जितेंद्र का शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह अपनी पूरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि, परिजन और ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। इसके बाद एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। परिजन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *