11वीं की 16 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; परिवार ने शिक्षिका पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत
Knews Desk- हरियाणा के फरीदाबाद में एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. डबुआ-गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 16 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर हालत में उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीके अस्पताल रेफर किया गया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान डबुआ निवासी जानवी के तौर पर हुई है.
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक शिक्षिका पर बेटी को अनुशासन के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया है. पिता के मुताबिक, कक्षा में छात्राओं के बीच बिरयानी खाने को लेकर विवाद हुआ था. उनका दावा है कि इस विवाद में जानवी की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उसे सजा दी गई.
परिवार का आरोप है कि छात्रा को करीब चार घंटे तक धूप में खड़ा रखा गया. पिता ने बताया कि इस घटना के बाद उनकी बेटी काफी परेशान और आहत थी. उन्होंने आशंका जताई कि मानसिक तनाव के चलते ही उसने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाने जैसा कदम उठाया.
स्कूल प्रबंधन ने सजा देने की बात से किया इनकार
दूसरी ओर, स्कूल के प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि जानवी को स्कूल में किसी तरह की सजा नहीं दी गई थी और न ही उसके साथ परिवार द्वारा बताए गए तरीके से कोई व्यवहार हुआ.
प्रधानाचार्य के अनुसार, जानवी कक्षा से बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी. इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंची और वहां से नीचे छलांग लगा दी. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है.
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू की होगी पड़ताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद डबुआ थाना पुलिस स्कूल पहुंची और परिसर का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन, छात्राओं और छात्रा के परिवार के सदस्यों के बयान लिए जा रहे हैं.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जानवी घटना से पहले किन परिस्थितियों में तीसरी मंजिल तक पहुंची और उसके साथ स्कूल में क्या हुआ था. छात्रा को सजा दिए जाने के परिवार के आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी.