ट्विशा शर्मा केस: अपना केस खुद लड़ेंगीं पूर्व जज गिरिबाला सिंह

Knews Desk- भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आरोपित बनाई गईं उनकी सास और पूर्व न्यायिक अधिकारी गिरिबाला सिंह अब खुद कोर्ट में अपना पक्ष रखेंगी। लंबे समय तक अधिवक्ता और उच्च न्यायिक सेवा में रहने के बाद रिटायर हो चुकीं गिरिबाला सिंह एक बार फिर अदालत में बहस करती नजर आएंगी, लेकिन इस बार किसी मुवक्किल के लिए नहीं बल्कि अपने बचाव में।

यह मामला भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़ा है। मामले में नाम सामने आने के बाद गिरिबाला सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भोपाल अदालत से अग्रिम जमानत ले ली थी। अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत दी थी, लेकिन अब उनकी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रहीं।

दरअसल, ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की है। उनका आरोप है कि मामले में सबूतों से छेड़छाड़ की गई है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम जमानत क्यों न निरस्त कर दी जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 25 मई को तय की गई है।

इसी बीच गिरिबाला सिंह को एक और झटका लगा है। उनके वकील इनोश जॉर्ज कार्लो ने केस से खुद को अलग कर लिया है। बताया जा रहा है कि मीडिया कर्मियों के साथ विवाद के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। इसके बाद गिरिबाला सिंह ने किसी दूसरे वकील को नियुक्त करने के बजाय खुद कोर्ट में पैरवी करने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि गिरिबाला सिंह पहले जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रजिस्ट्रार और मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव जैसे अहम पदों पर रह चुकी हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में उनकी खुद की पैरवी को लेकर कानूनी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *