गार्डन में दफन मिला गर्भवती महिला का शव, मकान बंद कर आरोपी पति फरार

जयपुर के बिंदायका इलाके में एक गर्भवती महिला की हत्या कर शव को घर के गार्डन में दफनाने का मामला सामने आया है। मकान मालिक की सूचना के बाद पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Knews Desk– राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक गर्भवती महिला की हत्या के बाद उसके शव को घर के गार्डन में दफनाने का मामला सामने आया है। बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी में एक मकान के गार्डन से मिट्टी के नीचे महिला का शव बरामद हुआ। आरोपी हत्या के बाद मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर FSL टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बिंदायका इलाके की एक फैक्ट्री में काम करने वाले उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश ने करीब दो महीने पहले मकान किराए पर लिया था। वह यहां एक महिला के साथ रह रहा था और मकान मालिक को महिला को अपनी पत्नी बताया था। रविवार सुबह करीब 8 बजे मकान मालिक मकान की देखरेख के लिए पहुंचा तो बाहर से ताला लगा मिला। आसपास पूछताछ करने के बाद जब उसने गार्डन की मिट्टी को देखा तो वहां जमीन असामान्य तरीके से ऊंची-नीची नजर आई। मिट्टी हटाने पर महिला का हाथ दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबाए गए महिला के शव को बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रवेश ने महिला की हत्या करने के बाद रात के समय गड्ढा खोदकर शव को उसमें दफना दिया। इसके बाद मकान को बाहर से लॉक कर वह फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक शव करीब 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण और हत्या के तरीके की पुष्टि हो सकेगी।

बिंदायका SHO अनिल जैमन के अनुसार, प्रवेश ने करीब दो महीने पहले मकान किराए पर लिया था। उसने महिला का नाम किरन, उम्र 32 वर्ष और निवासी उत्तर प्रदेश बताया था। प्रवेश ने किरन को अपनी पत्नी बताया था। पुलिस के मुताबिक किरन करीब छह महीने की गर्भवती थी। पुलिस उसके परिवार और रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने शव को दफनाने के बाद उसके ऊपर नमक डाल दिया था। पुलिस को आशंका है कि ऐसा शव को गलाने और सबूत मिटाने के लिए किया गया होगा। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद भी प्रवेश करीब तीन दिन तक घर पर आता-जाता रहा। रविवार सुबह वह घर से निकल गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ठेकेदार से पैसे उधार लिए और इसके बाद फरार हो गया।

पुलिस ने मृतका की पहचान किरन के रूप में की है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की रहने वाली बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी प्रवेश की तलाश के साथ हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *