जमीन के लिए रिश्तों का कत्ल: रांची में पत्नी संग कमरे में सो रहा था छोटा भाई, बड़े भाई ने खिड़की से पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

Knews Desk- झारखंड की राजधानी रांची में पैतृक संपत्ति विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने देर रात खिड़की से कमरे में पेट्रोल छिड़ककर छोटे भाई और उसकी पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की।

Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग ओपी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक, देर रात जब सलीम अंसारी और उनकी पत्नी इशरत जहां अपने कमरे में सो रहे थे, तभी आरोपी ने खिड़की के जरिए कमरे में पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। अचानक लगी आग की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद दोनों को आनन-फानन में रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुंदाग थाना क्षेत्र के इमामबाड़ा इलाके में रहने वाले इस परिवार में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी लतीफ अंसारी पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।

कमरे के अंदर पेट्रोल छिड़क लगाई आग

बुधवार देर रात सलीम और उनकी पत्नी अपने कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान आरोपी खिड़की के पास पहुंचा और कमरे के अंदर पेट्रोल छिड़क दिया. इसके बाद आग लगा दी, जिससे देखते ही देखते पूरा कमरा आग की लपटों से घिर गया. अचानक लगी आग से दोनों की नींद खुली और उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वे गंभीर रूप से झुलसे हैं.

पुलिस जांच तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

रांची में हुए इस सनसनीखेज मामले की जांच अब पुलिस ने तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात के वक्त की गतिविधियों और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।