Knews Desk – संविधान दिवस पर संविधान चौक में जुटेंगे समर्थक, अभिजीत दिपके ने लोगों से एकजुट होने की अपील की
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 26 नवंबर को महाराष्ट्र के नागपुर में रैली करने का ऐलान किया है। संविधान दिवस के मौके पर होने वाली इस रैली का आयोजन संविधान चौक पर शाम 4 बजे किया जाएगा। रैली का मुख्य नारा ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रखा गया है।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रैली का पोस्टर साझा करते हुए लोगों से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है। पोस्टर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की तस्वीर भी लगाई गई है।
संविधान दिवस पर नागपुर में जुटने की अपील
अभिजीत दिपके ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि संविधान दिवस पर सभी मिलकर लोकतंत्र की रक्षा करने, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वह 26 नवंबर को नागपुर में लोगों से मुलाकात करेंगे।
यह रैली नागपुर में आयोजित की जा रही है, जो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह नगर है। माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए अभिजीत दिपके बीजेपी के खिलाफ लगाए गए अपने आरोपों को दोहरा सकते हैं।
इससे पहले 22 नवंबर को पणजी में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने केंद्र और गोवा की बीजेपी सरकारों पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सरकार आम लोगों से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है।
‘कॉकरोच क्लब’ की भी हुई शुरुआत
CJP ने ‘लेगेसी ऑफ बापू – कॉकरोच क्लब’ नाम से एक अखिल भारतीय पहल की भी योजना बनाई है। इसके जरिए कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चा के माध्यम से महात्मा गांधी की विचारधारा और देश में उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई है।
इस पहल का पहला कार्यक्रम 21 नवंबर को पुणे में आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के साथ ‘कॉकरोच क्लब’ की शुरुआत भी की गई।