KNEWS DESK- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। गठबंधन की घोषणा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी तस्वीर साफ कर दी। उन्होंने कहा कि अगर एनडीए पंजाब में चुनाव जीतता है तो मुख्यमंत्री शिरोमणि अकाली दल का ही होगा। शाह ने यह भी कहा कि गठबंधन पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा।
अकाली दल रहेगा बड़े भाई की भूमिका में
अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोनों दलों ने पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की है। गठबंधन की प्राथमिकताओं में पंजाब को नशामुक्त बनाना शामिल है। शाह ने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होता है। इस बयान के साथ बीजेपी ने गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
117 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे चुनाव
बीजेपी और अकाली दल के बीच करीब छह साल बाद फिर गठबंधन हुआ है। अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन के तहत चुनावी रणनीति और सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच समन्वय किया जाएगा।
2020 में अलग हो गए थे दोनों दल
बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक पंजाब में गठबंधन के साथी रहे हैं। साल 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों की राह अलग हो गई थी। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियां फिर साथ आई हैं। गठबंधन के ऐलान के साथ अमित शाह ने नशामुक्त पंजाब को प्राथमिकता बताते हुए चुनावी एजेंडे का भी संकेत दिया। अब दोनों दल मिलकर पंजाब में एनडीए को मजबूत करने और सत्ता हासिल करने की रणनीति पर आगे बढ़ेंगे।