पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों दलों ने करीब छह साल बाद गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया है। गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि यह गठबंधन हिंदू और सिख भाईचारे का प्रतीक है।
2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक पंजाब की राजनीति में गठबंधन सहयोगी रहे हैं। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ लिया था। अकाली नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर साथ आने का फैसला किया है।
सीट बंटवारे पर अभी मतभेद
गठबंधन के ऐलान के बावजूद सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी करीब 55 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि अकाली दल उसे लगभग 45 सीटें देने को तैयार है। पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं।
पहले 94-23 के फॉर्मूले पर लड़ा चुनाव
बीजेपी और अकाली दल 1996 से सितंबर 2020 तक गठबंधन में रहे। इस दौरान अकाली दल 94 और बीजेपी 23 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती थी। दोनों दलों ने 1997, 2007 और 2012 में मिलकर पंजाब में सरकार बनाई थी। इस बार बीजेपी पहले की तुलना में ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। पार्टी अब अकाली दल के साथ बराबरी की भूमिका में चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।