Knews Desk- लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार देर रात ईगल पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में पेंट के साथ पेट्रोल और केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कंटेनर रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही आलमबाग, सरोजनी नगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से दमकल की आठ गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। हादसे के वक्त फैक्ट्री बंद थी, इसलिए अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी चुनौती बेसमेंट में मौजूद आग बनी। दमकलकर्मियों ने बीए सेट (Breathing Apparatus) पहनकर घने धुएं के बीच बेसमेंट में प्रवेश किया और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। अंदर धुआं अधिक होने से रेस्क्यू और फायर ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं।
फैक्ट्री की छत से लगातार फोम और पानी की बौछार की गई, ताकि ज्वलनशील सामग्री के कारण फैल रही आग को नियंत्रित किया जा सके।
SDRF की टीम भी रही तैनात
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम को भी मौके पर लगाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री को खाली पाए जाने और त्वरित कार्रवाई के चलते हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लखनऊ के मछली मोहाल इलाके में भी देर रात एक वीडियो गेम की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई।