नोएडा की एल्डिको सोसाइटी में बड़ा हादसा, STP टैंक की जहरीली गैस से सफाईकर्मी और गार्ड की मौत

सेक्टर-150 स्थित सोसाइटी में टैंक की सफाई के दौरान हुआ हादसा। कर्मचारी को बचाने के लिए उतरा सिक्योरिटी गार्ड भी जहरीली गैस की चपेट में आया। पुलिस ने जांच शुरू की, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल।

Knews Desk- नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण दो लोगों की जान चली गई। मृतकों में टैंक की सफाई कर रहा कर्मचारी और उसे बचाने के लिए अंदर उतरा सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। घटना के बाद पूरे परिसर में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के करौली निवासी शशिकांत शर्मा टैंक की सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान जहरीली गैस के प्रभाव से उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह टैंक के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर वहां मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की।

इसी बीच सोसाइटी का सिक्योरिटी गार्ड आकाश बिना किसी सुरक्षा उपकरण के शशिकांत को बचाने के लिए टैंक में उतर गया। हालांकि टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की वजह से वह भी बेहोश होकर गिर पड़ा। देखते ही देखते दोनों टैंक के अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे के बाद एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंक में उतरने से पहले गैस की जांच, ऑक्सीजन की उपलब्धता, सेफ्टी हार्नेस, मास्क और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए था। यदि इन नियमों का पालन नहीं किया गया, तो यह बड़ी लापरवाही मानी जाएगी।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैंक की सफाई कराने वाली एजेंसी और सोसाइटी प्रबंधन ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *