Knews Desk- इंदौर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने का मामला सामने आया है। विजयनगर थाना पुलिस ने अल्फा कंसल्टेंसी के संचालक मयंक सराफ को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह नौकरी के नाम पर छात्रों से उनकी 10वीं और 12वीं की ओरिजिनल मार्कशीट जमा करवा लेता था और बाद में दस्तावेज वापस करने के बदले हजारों रुपये की मांग करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 313 छात्रों की मूल मार्कशीट बरामद की हैं।
नौकरी का लालच देकर जमा करवाता था दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मयंक सराफ ऑर्बिट मॉल स्थित अल्फा कंसल्टेंसी के जरिए युवाओं को नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। इसी बहाने वह छात्रों से उनके शैक्षणिक दस्तावेज ले लेता था। इसके बाद जब छात्र अपनी मार्कशीट वापस मांगते थे तो आरोपी उनसे 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की रकम की मांग करता था।
आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने वाले छात्रों को धमकाया भी जाता था। शिकायत मिलने के बाद विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी, अन्य पीड़ितों की तलाश जारी
डीसीपी अमर सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 313 छात्रों की ओरिजिनल मार्कशीट बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अब पुलिस बरामद दस्तावेजों के आधार पर उन सभी छात्रों की पहचान कर रही है, जो इस फर्जीवाड़े का शिकार हुए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में आरोपी के साथ कोई अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं और कितने छात्रों से इसी तरह पैसे वसूले गए।