लखनऊ के दरोगा आनंद मिश्रा रहस्यमयी तरीके से लापता, वाराणसी में मिली आखिरी लोकेशन

Lucknow SI Missing Case: लखनऊ के इंदिरा नगर तकरोही चौकी प्रभारी एसआई आनंद मिश्रा पिछले चार दिनों से लापता हैं। पत्नी की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मोबाइल की आखिरी लोकेशन वाराणसी में मिली है।

Knews Desk-लखनऊ में तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर के अचानक लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इंदिरा नगर थाने की तकरोही चौकी के प्रभारी एसआई आनंद मिश्रा पिछले चार दिनों से गायब हैं। परिजनों से संपर्क नहीं होने के बाद उनकी पत्नी ने सरोजिनी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की कई टीमें दरोगा की तलाश में जुटी हैं।

खास बात यह है कि आनंद मिश्रा की पत्नी अंजली तिवारी भी उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। वह फिलहाल डीसीपी मध्य कार्यालय में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 11 अगस्त को आनंद मिश्रा घर से इंदिरा नगर थाने जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क नहीं हो सका। कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।

घर के बाहर खड़ी मिली कार, साथ ले गए कपड़ों से भरा बैग

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आनंद मिश्रा घर से निकलते समय अपनी कार लेकर नहीं गए थे। उनकी कार घर के बाहर ही खड़ी मिली। वहीं, वह अपने साथ कपड़ों से भरा एक बैग लेकर निकले थे। इस जानकारी के बाद पुलिस अलग-अलग संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर से निकलने के बाद आनंद मिश्रा किस दिशा में गए और किसके संपर्क में थे।

मोबाइल की आखिरी लोकेशन वाराणसी में मिली

दरोगा की तलाश में पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ले रही है। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन वाराणसी में ट्रेस हुई है। इसके बाद लखनऊ और सरोजिनी नगर पुलिस की टीमों को वाराणसी समेत संभावित ठिकानों पर भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस आनंद मिश्रा के लापता होने के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही दरोगा का सुराग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *