झालावाड़ में नेशनल हाईवे पर ट्रकों से लूट और चोरी करने वाली गैंग के बदमाश को गिरफ्तार किया. आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पुलिस की टॉप टेन हार्डकोर अपराधियों की सूची में शामिल था,
Knews Desk- राजस्थान के झालावाड़ के सदर थाना पुलिस ने बीते दिनों नेशनल हाईवे पर ट्रकों की रस्सियां काटकर माल चुराने व लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में सक्रिय गैंग के सदस्य इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी राजेंद्र कंजर रलायती कंजर डेरे का निवासी है, जिस पर पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.
झालावाड़ में नेशनल हाईवे-52 पर ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश राजेंद्र कंजर को पुलिस ने रलायती के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि पिछले कुछ समय से नेशनल हाईवे-52 के फोरलेन बाइपास पर ट्रकों से सामान लूटने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एक ट्रक चालक ने सदर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि बदमाशों ने हाईवे पर मिट्टी से भरे कट्टे रखकर ट्रक का रास्ता बदलने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही चालक वाहन को सड़क से नीचे लेकर गया, गिरोह के सदस्य ट्रक पर चढ़ गए और रस्सियां काटकर उसमें रखा माल चोरी करने लगे।
हथियार दिखाकर चालक को डराया
शिकायत के अनुसार, जब ट्रक चालक ने केबिन से बाहर निकलकर विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उसे धमका दिया। इसके बाद आरोपी ट्रक में रखा सामान लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात के समय हाईवे पर गश्त बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
गश्त के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को कुछ संदिग्ध लोग मिट्टी के कट्टे ले जाते दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। हालांकि गिरोह का सरगना राजेंद्र कंजर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
जंगल से दबोचा गया मुख्य आरोपी
लगातार तलाश और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रलायती के जंगल में दबिश देकर फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजेंद्र कंजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी से हाईवे लूट से जुड़े कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।
2 हजार रुपये का इनाम था घोषित
एसपी अमित बुडानिया ने बताया कि राजेंद्र कंजर सदर थाना क्षेत्र के टॉप-10 हार्डकोर अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ नेशनल हाईवे पर लूटपाट के अलावा कोतवाली थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल चोरी के मामले भी दर्ज हैं। इतना ही नहीं, फोरलेन पर एक बाइक सवार को चाकू मारकर लूटने की वारदात में भी वह वांछित चल रहा था।
आरोपी की लगातार तलाश के चलते पुलिस ने उस पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने हाईवे पर और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।