उन्नाव में BJP नेता की हत्या… बेटे ने कुल्हाड़ी से काट डाला, क्या थी वजह?

Unnao BJP Leader Murder: यूपी के उन्नाव जिले में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के औरास मंडल अध्यक्ष प्रमोद की उनके ही बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. घटना उस समय हुई, जब प्रमोद मंदिर में दीपक जला रहे थे. पुलिस के मुताबिक आरोपी बेटा सोनेलाल लंबे समय से पारिवारिक विवाद और पत्नी के अलग हो जाने के कारण मानसिक तनाव में था.

 Knews Desk- उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. औरास थाना क्षेत्र के चमारन खेड़ा गांव में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता की मंदिर में दीपक जलाते समय कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 58 वर्षीय प्रमोद के रूप में हुई है, जो भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के औरास मंडल अध्यक्ष बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, प्रमोद अपने परिवार के साथ चमारन खेड़ा के डकैली मजरे में रहते थे. उनके चार बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा सोनेलाल करीब दस दिन पहले चंडीगढ़ से घर लौटा था. बताया जा रहा है कि सोनेलाल की शादी कृष्णावती से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं. हालांकि करीब आठ वर्ष पहले पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चों को ससुराल में छोड़कर मायके चली गई थी. बाद में उसने दूसरी शादी कर ली थी.

सोनेलाल ने क्यों की पिता की हत्या?

परिजनों के मुताबिक, पत्नी के चले जाने के बाद से सोनेलाल मानसिक तनाव में रहता था और इसके लिए वह अपने माता-पिता को जिम्मेदार मानता था. घर लौटने के बाद वह ज्यादातर समय पिता द्वारा बनवाए गए मंदिर में ही रहता था. प्रमोद रोज की तरह शनिवार शाम मंदिर में दीपक जलाने पहुंचे थे.

इसी दौरान पीछे से आए सोनेलाल ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका.

पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी बेटे सोनेलाल को गिरफ्तार कर लिया है. औरास थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है.

पूछताछ के दौरान उसने पत्नी के वर्षों पहले छोड़कर चले जाने और पारिवारिक विवाद का जिक्र किया है. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच अभी जारी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *