Knews Desk- बेटी की छेड़खानी से तंग आकर पिता ने आरोपी के पिता पर तमंचा तान दिया। कहा- अगली बार कुछ हुआ तो खोपड़ी में गोली मार दूंगा। फिर पोस्ट में लिखा कि मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है कि आज ही निर्दोष बच्ची के लिए आवाज उठाई जाए।
धमकाने और छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद बर्रा थानाक्षेत्र दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस किशोरी के पिता की तलाश कर रही है।
वहीं छेड़खानी से तंग आकर किशोरी ने भी 6 जुलाई को अपने पिता के X अकाउंट पर वीडियो जारी किया है। वीडियो जारी करने के बाद पूरा मामला मंगलवार यानी 7 जुलाई को सामने आया है। वीडियो में किशोरी ने कहा- मैं अपने घर के सामने वाले एक लड़के से बहुत परेशान हूं। मैं जब घर से बाहर निकलती हूं तो वो अपनी छत से मुझे गंदे-गंदे इशारे करता है।
इग्नोर कर सीटी बजाकर परेशान करता है। मेरे पापा मुझे साइकिल दिलाकर लाए हैं, मैं साइकिल चलाने जाती हूं तो वह मुझे पकड़ने आ जाता है। मैं जहां भी जाती हूं, वो मेरा पीछा करता है।

पिता ने लिखा- मोमबत्ती जलाने से अच्छा, बच्ची के लिए आवाज उठाएं

पीड़ित किशोरी के पिता ने X पर पोस्ट लिखा- आज, एक बेटी के पिता के रूप में, मेरा दिल कांप रहा है। बाद में मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है कि आज ही इस निर्दोष बच्ची के लिए आवाज उठाई जाए। 10 साल की एक मासूम बच्ची अपने घर के सामने रहने वाले 18 साल के लड़के के अश्लील कृत्यों, भद्दे इशारों और उत्पीड़न से इतनी भयभीत है कि उसे सोशल मीडिया पर आकर रोते हुए न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है।
घर में सिर्फ मां और बेटी ही रहती हैं और आरोपी परिवार पैसे और प्रभाव के बल पर हर जगह मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। जब मां शिकायत करने जाती है, तो उसे गालियां और धमकी मिलती है।
आखिर कब तक हमारी बेटियां अपने ही घर के बाहर निकलने, साइकिल चलाने या सांस लेने से भी डरती रहेंगी? क्या प्रशासन किसी बड़ी वारदात के होने का इंतज़ार कर रहा है?
मुख्यमंत्री जी और कानपुर पुलिस से हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि इस रसूखदार परिवार की गर्मी शांत की जाए और इस बेटी को तुरंत सुरक्षा और न्याय दिया जाए।
27 जून को सिर पर तमंचा लगाते फुटेज आया था सामने

27 जून को किशोरी के पिता का वीडियो सामने आया था। इसमें किशोरी के पिता आरोपी के घर पहुंचे थे। इस दौरान सभ्रांत लोग दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर समझौता करा रहे थे, तभी छेड़खानी से आक्रोशित पिता घर से तमंचा लेकर आया और शोहदे के पिता के सिर पर सटा दिया और बोले- आप सभी लोगों की बात मान ली, लेकिन अगली बार कुछ हुआ तो इसकी खोपड़ी में गोली मार दूंगा।
बेटी की मां बोली- अगर खुद का घर नहीं होता तो यहां से चली जाती
मंगलवार यानी 7 जुलाई को बर्रा क्षेत्र में रहने वाली पीड़ित बेटी की मां ने कहा- मेरे पति प्रयागराज में प्राइवेट जॉब करते हैं, वह घर में अपनी 12 साल की बेटी के साथ रहती हैं। घर के सामने रहने वाले अधिवक्ता का बेटा आए दिन बेटी को अश्लील इशारे करता है। जब मैंने आरोपी के परिवार वालों से शिकायत की, तो वो गाली गलौज करने लगे।
अधिवक्ता का बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। मैं दो साल से डरी हुई हूं, बेटी से छेड़खानी के विरोध में आरोपी मारपीट पर उतारू हो जाता है। ये मेरा घर है अगर मैं किराए के घर पर रहती तो खाली करके चली जाती।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया-
मामला संज्ञान में है, दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी पीड़िता की ओर से कुछ वीडियो पुलिस को मुहैया कराए गए थे, जिसमें वह अश्लील इशारे करता दिख रहा है। मामले की जांच की जा रही है।