दिल्ली में बढ़ेगी इलाज की सुविधा, सिरसपुर-हस्तसाल में अगले साल शुरू होंगे 1815 बेड वाले अस्पताल

KNEWS DESK- दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि अगले साल सिरसपुर और हस्तसाल में दो बड़े अस्पताल शुरू किए जाएंगे। दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड की सुविधा होगी। इससे राजधानी में मरीजों को अतिरिक्त बेड मिलेंगे और मौजूदा अस्पतालों पर दबाव कम होगा।

सिरसपुर में 1164 और हस्तसाल में 651 बेड

मुख्यमंत्री के अनुसार, सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है। फिलहाल यहां चिकित्सा उपकरणों की खरीद अंतिम चरण में है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। दोनों अस्पतालों को अगले साल शुरू करने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य परियोजनाओं में देरी या लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया।

अगले महीने खुलेंगे 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर

दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें 415 केंद्र संचालित हैं। अगले महीने 40 नए केंद्र शुरू करने का लक्ष्य है। अधिक मरीजों वाले केंद्रों में दो पारियों में सेवाएं शुरू करने की भी योजना है।

मादीपुर और ज्वालापुरी में 2028 तक अस्पताल

मादीपुर और ज्वालापुरी में 691-691 बेड के अस्पताल बनाए जा रहे हैं, जिन्हें 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मादीपुर अस्पताल पर 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल पर 484.04 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी MBBS सीटें

इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है। दोनों में 150-150 MBBS सीटें प्रस्तावित हैं। बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

सरकार का लक्ष्य दिल्लीवासियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए अस्पतालों के विस्तार के साथ डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *