KNEWS DESK- हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात एक ढाबे पर पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर हुई। हमलावर स्विफ्ट कार से पहुंचे थे और वारदात के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ढाबे पर अचानक हुई फायरिंग
वारदात रात करीब 12:30 बजे हुई। उस समय ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे थे। पांच बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग टेबल-कुर्सियों के पीछे छिपकर जान बचाने लगे। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक भागने लगा। हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोली मार दी।
तीन मृतक डीघल गांव के रहने वाले
मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तीन मृतक डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी था।
गैंगवार से जुड़े होने का शक
पुलिस को आशंका है कि वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। इस हत्याकांड को भाऊ रिटोलिया गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके तार डीघल गांव में पिछले दिनों हुई एक युवक की हत्या से भी जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, वारदात की असली वजह और हमलावरों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की कार और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।