संविधान दिवस पर PM मोदी का लेख, इमरजेंसी से OBC आरक्षण तक कांग्रेस पर साधा निशाना

KNEWS DESK- संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख लिखा। इसमें उन्होंने संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताया और युवाओं से अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को समझने की अपील की। पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर संविधान से खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया।

संविधान सभा के सदस्यों को किया याद

पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए कहा कि संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और बेहतर भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि संविधान ने सामान्य परिवार में जन्म लेने वाले व्यक्ति के लिए भी देश के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता खोला।

संविधान को बताया सामाजिक दस्तावेज

पीएम मोदी ने संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अवसर देने की ताकत रखता है। पीएम ने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं को आर्थिक न्याय से जोड़ा।

इमरजेंसी और संविधान संशोधन का जिक्र

लेख में पीएम मोदी ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और इमरजेंसी के दौरान हुए 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का भी उल्लेख किया। पीएम ने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधन को पढ़ने की अपील की।

OBC आरक्षण और महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण कम कर मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है। उन्होंने महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

‘विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बन गया विपक्ष’

पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बन गई है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया में रुकावट डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता।

युवाओं को दिए ‘इंडिया फर्स्ट’ और ‘कर्तव्य’ के मंत्र

पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दो सिद्धांत महत्वपूर्ण हैं—सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में ‘कर्तव्य’। उन्होंने युवाओं से संविधान को अपनी ताकत का स्रोत बनाकर देश के भविष्य के लिए काम करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *