आज संविधान दिवस पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने, लखनऊ में खड़गे तो दिल्ली में अमित शाह संभालेंगे मोर्चा

KNEWS DESK- संविधान दिवस पर 26 नवंबर को देश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने नजर आएंगी। कांग्रेस देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, जबकि भाजपा संविधान गौरव दिवस के तहत कार्यक्रम आयोजित करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ में मार्च में शामिल होंगे, वहीं दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भाजपा के कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे।

दिल्ली में भाजपा का संविधान गौरव दिवस

भाजपा 26 नवंबर को दिल्ली के सिविक सेंटर में संविधान गौरव दिवस समारोह आयोजित करेगी। पार्टी के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देना और सामाजिक समरसता, समानता व न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में दिल्ली के सांसदों के अलावा बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रोफेसर, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे।

लखनऊ में खड़गे निकालेंगे संविधान रक्षा मार्च

कांग्रेस संविधान दिवस पर देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ में इस मार्च में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक मार्च के दौरान डॉ. बीआर अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता और नागरिक संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे।

कांग्रेस ने उठाया वोट चोरी और SIR का मुद्दा

कांग्रेस ने वोट चोरी और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर केंद्र सरकार और आयोग पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी से जुड़े दस्तावेजी सबूत देश के सामने रखे हैं। उन्होंने महादेवपुरा, अलंद और हरियाणा समेत कई जगहों पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए।

SIR को लेकर कांग्रेस का बड़ा दावा

कांग्रेस ने दावा किया कि बिहार की ड्राफ्ट मतदाता सूची से 65 लाख से ज्यादा नाम हटाए गए और तीन चरणों में यह संख्या 13 करोड़ से अधिक होने की बात कही। पार्टी का आरोप है कि इसका असर गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं पर पड़ सकता है।

चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल

कांग्रेस ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़ी चयन समिति में बदलाव और उन्हें कानूनी सुरक्षा दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *