वापसी में ही मयंक यादव का धमाका, पहली गेंद पर विकेट लेकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

Knews Desk- चोट से उबरकर भारतीय टीम में लौटे युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपने कमबैक मैच को ऐतिहासिक बना दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल कर एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज बन गए।

मयंक यादव ने अपनी पहली ही गेंद पर जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को आउट किया। उनकी तेज रफ्तार गेंद पर बेनेट चूक गए और विकेटकीपर ईशान किशन ने आसान कैच लपक लिया। अक्टूबर 2024 के बाद यह मयंक का भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद उन्होंने आईपीएल 2026 में वापसी की थी और अब भारतीय टीम में भी शानदार अंदाज में लौटे हैं।

अर्शदीप और हार्दिक की सूची में शामिल

मयंक यादव से पहले केवल अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ही भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा कर चुके थे। अर्शदीप ने टी20 विश्व कप 2024 में अमेरिका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि हार्दिक ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के बल्लेबाज सैम अयूब को पहली गेंद पर आउट किया था।

दूसरी बार किया यह कमाल

दिलचस्प बात यह है कि मयंक यादव दूसरी बार टी20 इंटरनेशनल की पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने में सफल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भी पहली गेंद पर परवेज हुसैन एमोन को पवेलियन भेजा था। इस उपलब्धि के साथ वह ऐसे चुनिंदा भारतीय गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने एक से अधिक बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया है।

जिम्बाब्वे 125 रन पर रुकी

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे पर दबाव बनाए रखा। मयंक यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव ने भी 4 ओवर में 19 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया। शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को भी एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के चलते जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन ही बना सकी।

भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का प्रसारण

भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स चैनल पर किया जा रहा है, जबकि मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *