T20 मुंबई 2026 फाइनल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, मराठा रॉयल्स ने बचाया खिताब, मैदान पर भिड़े खिलाड़ी

KNEWS DESK- T20 मुंबई 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ मैदान पर हुए तनाव और खिलाड़ियों के आक्रामक तेवरों के कारण भी चर्चा में रहा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने ARCS अंधेरी को 8 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मराठा रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 154 रन बनाए। टीम के लिए चिन्मय राजेश सुतर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 61 रन जुटाए। वहीं ARCS अंधेरी की ओर से अर्जुन तेंदुलकर ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ARCS अंधेरी की टीम अंतिम ओवर तक संघर्ष करती रही, लेकिन 20 ओवर में 146 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रन चाहिए थे, लेकिन मराठा रॉयल्स के गेंदबाज रोहन राजे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 5 रन दिए और अपनी टीम को जीत दिला दी।

मैच के दौरान दबाव इतना बढ़ गया कि खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। रनचेज के दौरान लगातार विकेट गिरने के बाद मैदान पर माहौल गर्म हो गया। एक बल्लेबाज के आउट होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि साथी खिलाड़ियों और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।

जीत के बाद रोहन राजे ने जर्सी लहराते हुए मैदान पर जश्न मनाया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस जीत के साथ मराठा रॉयल्स ने अपना चैंपियन दर्जा बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।