KNEWS DESK- अगर आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम करवाना है, तो इस सप्ताह बैंक हॉलिडे की जानकारी पहले से रखना जरूरी है. 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 के बीच बैंक शाखाएं कुछ जगहों पर बंद रहेंगी. हालांकि, ये छुट्टियां हर राज्य और शहर में लागू नहीं होंगी.
इस सप्ताह 4 सितंबर को जन्माष्टमी के मौके पर कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा 6 सितंबर को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाओं की सामान्य साप्ताहिक छुट्टी रहेगी.
4 सितंबर को इन शहरों में बैंक बंद
जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर, शुक्रवार को कई शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इनमें अहमदाबाद, आइजोल, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, देहरादून, गंगटोक, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोच्चि, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रायपुर, रांची, शिलॉन्ग, शिमला, श्रीनगर, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा शामिल हैं. इसलिए अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो अपने शहर के हिसाब से छुट्टी जरूर जांच लें.
5 सितंबर को खुलेंगे बैंक
सितंबर के पहले शनिवार यानी 5 सितंबर को बैंक खुले रहेंगे. दरअसल, बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं. ऐसे में पहले शनिवार को सामान्य तौर पर बैंक शाखाओं में कामकाज जारी रहता है.
6 सितंबर को देशभर में छुट्टी
6 सितंबर, रविवार को बैंकों की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी. इस दिन देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में जिन लोगों को बैंक की शाखा में जाकर काम करवाना है, उन्हें अपनी योजना उसी हिसाब से बनानी चाहिए.
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर
बैंक की शाखाएं बंद होने के बावजूद ज्यादातर डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. ग्राहक UPI, ATM, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए कई जरूरी काम कर सकते हैं. पैसे ट्रांसफर करने, अकाउंट बैलेंस चेक करने, बिल भुगतान और अन्य डिजिटल लेनदेन जैसे काम ऑनलाइन किए जा सकते हैं. हालांकि, जिन सेवाओं के लिए शाखा में जाना जरूरी है, उनके लिए बैंक खुलने वाले दिन का इंतजार करना पड़ सकता है.
बैंक छुट्टियों का सिलसिला अगले सप्ताह भी जारी रहेगा. 7 से 13 सितंबर 2026 के बीच कुछ जगहों पर बैंक शाखाएं तीन दिन तक बंद रह सकती हैं. 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनाव के कारण जयपुर शहर में बैंक बंद रहेंगे. 12 सितंबर को दूसरा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाओं की छुट्टी रहेगी. इसके बाद 13 सितंबर, रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे. इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर चेक करें, ताकि जरूरी काम के लिए आपको परेशानी न उठानी पड़े.