पति आदित्य धर की फिल्म के लिए यामी गौतम ने छोड़ी मोटी फीस, बोलीं- कुछ चीजें अनमोल होती हैं

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म में यामी गौतम के कैमियो को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म में नर्स के किरदार में नजर आईं यामी को लेकर चर्चा थी कि उन्होंने इस रोल के लिए मोटी फीस ली थी। हालांकि, अब एक्ट्रेस ने खुद इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सच्चाई बताई है।

Knews Desk – यामी गौतम इन दिनों अपनी फिल्म ‘नई नवेली’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में वह हाल ही में ‘कोन होनार करोडपती’ शो में पहुंचीं। यहां बातचीत के दौरान उन्होंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अपने कैमियो और इसके लिए फीस लेने से जुड़े सवाल का जवाब दिया।

यामी गौतम ने फीस को लेकर क्या कहा?

सोनी लिव के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर शो के आने वाले एपिसोड का एक प्रोमो शेयर किया गया है। इसमें होस्ट माधुरी दीक्षित यामी गौतम से ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में उनके कैमियो को लेकर सवाल करती नजर आती हैं। माधुरी बताती हैं कि उन्होंने फिल्म देखी और उन्हें यह काफी पसंद आई। इसके बाद वह यामी से पूछती हैं कि क्या उन्हें इस भूमिका के लिए पैसे मिले थे या उनके पति आदित्य धर ने उनसे सिर्फ फिल्म का हिस्सा बनने के लिए कहा था।

https://www.instagram.com/reels/Deg6unZAl6k/

इस सवाल के जवाब में यामी गौतम ने कहा कि उन्होंने कहीं पढ़ा था कि उन्हें इस कैमियो के लिए बहुत बड़ा चेक मिला है। यह पढ़कर वह खुद हैरान रह गई थीं। एक्ट्रेस ने बताया कि कुछ चीजें अनमोल होती हैं। आदित्य धर ने उनसे कहा था कि वह उनकी फिल्म में गुड लक के लिए आएं और छा जाएं।

यामी ने आगे कहा कि फिल्म में काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास था। उनके मुताबिक, बेहतरीन निर्देशकों में से एक के निर्देशन में काम करना ही उनकी फीस थी। इस तरह एक्ट्रेस ने साफ कर दिया कि उन्होंने इस कैमियो के लिए कोई फीस नहीं ली थी।

माधुरी दीक्षित ने भी की यामी की तारीफ

शो के दौरान माधुरी दीक्षित ने यामी गौतम की तारीफ करते हुए कहा कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में उन्हें देखना काफी मजेदार था। फिल्म में यामी ने शाजिया बानो का छोटा लेकिन अहम किरदार निभाया है। वह एक नर्स के रूप में नजर आती हैं, जो पाकिस्तान में काम करने वाली अंडरकवर भारतीय एजेंट है।

यामी के इस कैमियो को दर्शकों ने पसंद किया था। अब एक्ट्रेस के इस खुलासे से साफ हो गया है कि उन्होंने अपने पति आदित्य धर की फिल्म में यह भूमिका किसी फीस के लिए नहीं, बल्कि उनके साथ काम करने और फिल्म का हिस्सा बनने के लिए निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *