TVS होल्डिंग्स के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने पारिवारिक संपत्तियों के औपचारिक बंटवारे की मांग को लेकर मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर वेणु श्रीनिवासन ब्रांच की संपत्तियों में अपना उचित हिस्सा दिए जाने की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले पर 27 नवंबर को सुनवाई हो सकती है।
Knews Desk – लक्ष्मी वेणु ने 25 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 25 नवंबर को जारी एक मीडिया बयान में कहा गया कि आपसी बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाने की हर संभव कोशिश की गई, लेकिन समाधान नहीं निकलने के बाद अब उनके पास अदालत का रुख करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
लक्ष्मी वेणु का कहना है कि उनके परदादा और दादा की विरासत पर उनका उतना ही अधिकार है, जितना उनके भाई का है। उन्होंने मुकदमे में संयुक्त पारिवारिक संपत्तियों के बंटवारे और अपना उचित हिस्सा दिलाने की मांग की है। उनका आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद कुछ जरूरी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिसके चलते उन्हें अदालत की मदद लेनी पड़ रही है।
वेणु श्रीनिवासन की ब्रांच TVS मोटर कंपनी को नियंत्रित करती है। TVS मोटर कंपनी भारत की प्रमुख टू-व्हीलर कंपनियों में से एक है। फिलहाल लक्ष्मी वेणु के छोटे भाई सुदर्शन वेणु कंपनी के CMD हैं।
इस महीने की शुरुआत में लक्ष्मी वेणु ने अपने बयान में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 का जिक्र किया था। इस कानून में 2005 में संशोधन कर धारा 6 जोड़ी गई थी, जिसके तहत बेटियों को भी पारिवारिक संपत्ति में बेटों के बराबर अधिकार दिया गया है।
लक्ष्मी वेणु ने कहा था कि उन्हें संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में उनके उचित हिस्से से गलत तरीके से वंचित किया जा रहा है। उनका कहना था कि कानून और आधुनिक भारत में पितृसत्ता के लिए कोई जगह नहीं है और संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में बेटियों के अधिकारों को एकतरफा फैसलों या कॉर्पोरेट व्यवस्थाओं के जरिए खत्म नहीं किया जा सकता।
उन्होंने अप्रैल 2025 के उस फैसले का भी उल्लेख किया था, जिसके तहत उनके भाई सुदर्शन वेणु को TVS मोटर कंपनी का ‘सिग्निफिकेंट बेनिफिशियल ओनर’ बनाया गया था। लक्ष्मी वेणु ने 2020 के TVS पारिवारिक समझौते के तहत वेणु श्रीनिवासन की ब्रांच को आवंटित संपत्तियों के बंटवारे की मांग की है। इनमें TVS होल्डिंग्स, TVS मोटर कंपनी, TVS क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्ले ‘टन’ में हिस्सेदारी शामिल है।
लक्ष्मी वेणु का कहना है कि TVS पारिवारिक समझौता वेणु श्रीनिवासन के परिवार के भीतर संपत्तियों का वास्तविक बंटवारा नहीं था। उनके अनुसार, उनके करीबी परिवार के भीतर संपत्तियों के बंटवारे या निपटारे की प्रक्रिया शुरू तक नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कंपनी की प्रबंधन जिम्मेदारी संभालने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति पूरी संपत्ति का मालिक बन जाए या परिवार के दूसरे सदस्यों के कानूनी अधिकार खत्म हो जाएं।
इस मामले में मल्लिका श्रीनिवासन ने भी लक्ष्मी वेणु के वैध अधिकारों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लक्ष्मी के कानूनी नोटिस के जवाब में उनके कानूनी अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई और आपसी सहमति से समाधान निकालने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई।
मल्लिका श्रीनिवासन ने कहा कि एक मां के तौर पर उनके लिए बेटा और बेटी हर लिहाज से बराबर हैं और उनका मानना है कि पारिवारिक संपत्तियों में लक्ष्मी का भी वैध हिस्सा है, जो सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं है। अब इस विवाद पर 27 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी।