मोहन भागवत का बड़ा बयान, बोले- दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत तरक्की करे

KNEWS DESK- आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा और वैश्विक शक्तियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत प्रगति करे, क्योंकि वैश्विक शक्तियां अपना वर्चस्व बनाए रखना चाहती हैं और दूसरों को दबाव में रखने में विश्वास करती हैं।

भागवत ने कहा कि भारत सभी की मदद करना चाहता है और उन देशों की भी सहायता करता है, जो उससे नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारत तरक्की करता है तो उन शक्तियों की दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत सभी की मदद करना चाहता है। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त है। अगर कोई सच्ची बात कहता है तो युवा उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं। वे झूठ से नफरत करते हैं और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं।

इस तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन ने किया है। कार्यक्रम में पद्म पुरस्कार विजेता लोगों से संवाद कर रहे हैं। समारोह में पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रहे।

पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि विकसित देश भारत की विकास यात्रा में बाधाएं पैदा कर सकते हैं। हालांकि, उनके मुताबिक आंतरिक खतरे बाहरी खतरों से ज्यादा खतरनाक होते हैं। उन्होंने देश को अपनी पिछली सफलताओं से सीखने और अपनी बौद्धिक ऊर्जा को सामने लाने की जरूरत बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *