पंजाब में BJP-SAD के बीच सीटों पर मंथन, 2027 चुनाव से पहले गठबंधन का नया फॉर्मूला तैयार

2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर NDA में सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, BJP और शिरोमणि अकाली दल के बीच जल्द सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद है। संभावित फॉर्मूले के तहत अकाली दल 65 से 70 सीटों पर और BJP 45 से 50 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

Knews Desk – BJP और अकाली दल के बीच सीट समझौते के लिए लोकसभा चुनाव के रुझान, BJP के संगठनात्मक विस्तार और प्रदेश में पार्टी के अभियान को आधार बनाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, 23 सीटों पर BJP पहले स्थान पर रही थी, जबकि 8 सीटों पर वह दूसरे स्थान पर थी। इसके अलावा कुल 45 सीटों पर BJP अकाली दल से आगे रही थी। इसी आधार पर BJP के खाते में कम से कम 45 सीटें जाने की संभावना जताई जा रही है।

BJP की इन सीटों पर नजर

सूत्रों के मुताबिक पटियाला अर्बन, राजपुरा, डेरा बस्सी, सनौर, पटियाला और समाना के साथ जालंधर क्षेत्र की आदमपुर, वेस्ट, सेंट्रल, नॉर्थ और कैंट सीटों पर BJP अपनी दावेदारी मजबूत मान रही है। जालंधर की 9 सीटों में से 5 सीटें BJP के खाते में जाने की संभावना जताई गई है।

अमृतसर की 9 सीटों में BJP को 3 से 4 सीटें, संगरूर में 3 सीटें और लुधियाना में 5 सीटें मिलने की संभावना बताई जा रही है। इसके अलावा फिरोजपुर में 4 और आनंदपुर साहिब में 3 सीटों पर भी BJP की दावेदारी बताई गई है।

अकाली दल की इन सीटों पर मजबूत दावेदारी

दूसरी ओर, शिरोमणि अकाली दल भी कई सीटों पर अपनी मजबूत स्थिति का दावा कर रहा है। संभावित बंटवारे के अनुसार बठिंडा की 9 सीटों में से 7 सीटें अकाली दल को मिल सकती हैं। इसके अलावा नाभा और पटियाला रूरल की सीटों पर भी अकाली दल की दावेदारी बताई गई है।

जालंधर में अकाली दल को करीब 4 सीटें, अमृतसर में 5, संगरूर में 6, लुधियाना में 4, फिरोजपुर में 5 और आनंदपुर साहिब में 6 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अन्य सीटों को लेकर भी दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है।

27-28 नवंबर को समालखा में BJP की अहम बैठक

इसी बीच BJP के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक 27 और 28 नवंबर को हरियाणा के समालखा में होगी। बैठक RSS के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित होने की जानकारी है। इसमें BJP के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ सभी प्रदेश अध्यक्षों और संगठन मंत्रियों को भी बुलाया गया है।

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले BJP और अकाली दल के बीच सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत को गठबंधन की आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *