प्रेमानंद महाराज की फोटो को एक्सेसरी बनाने पर भड़के यूजर्स, अंजलि फोगाट के कान्स लुक पर उठे सवाल

KNEWS DESK – दुनियाभर में फैशन और ग्लैमर के लिए मशहूर Cannes Film Festival इस बार भारतीय संस्कृति और भक्ति को लेकर भी चर्चा में रहा। फैशन डिजाइनर Anjali Phogat ने कान्स 2026 के रेड कार्पेट पर ऐसा लुक पेश किया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। उनके ट्रेडिशनल गोपी-इंस्पायर्ड आउटफिट से ज्यादा चर्चा उनके हाथ में दिखे बैग और कमर पर लगी राधा-कृष्ण आकृति की हो रही है।

अंजलि फोगाट ने स्काई ब्लू रंग का हैवी एम्ब्रॉयडर्ड लहंगा पहनकर रेड कार्पेट पर एंट्री की। गोल्डन थ्रेड वर्क, बूटियों और रॉयल बॉर्डर वाले इस लहंगे के साथ उन्होंने दो दुपट्टे स्टाइल किए थे। मैचिंग ब्लाउज, पर्ल डिटेलिंग और नेट दुपट्टे ने उनके लुक को ट्रेडिशनल के साथ-साथ ड्रामेटिक टच दिया।

उन्होंने अपने पूरे लुक को कुंदन जूलरी, माथापट्टी, झुमके, चूड़ियों और लंबी चोटी के साथ पूरा किया। बालों में परांदा और हाथों में आलता ने उनके गोपी लुक को और खास बना दिया। हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान उनके हाथ में दिखे खास बैग ने खींचा।

दरअसल, अंजलि ने अपने साथ एक ऐसा फ्रेमनुमा बैग कैरी किया, जिसमें Premanand Maharaj की तस्वीर लगी हुई थी। इसके पीछे राधा रानी के 108 नाम लिखे गए थे। वहीं, उनकी कमर पर राधा-कृष्ण की आकृति भी नजर आई। कुछ लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को ग्लोबल मंच पर दिखाने की कोशिश बताया, तो कई यूजर्स ने धार्मिक प्रतीकों को फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए।

https://www.instagram.com/p/DYuFzpnFraS/

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस लुक की आलोचना की। कुछ यूजर्स का कहना था कि भगवान और संतों की तस्वीरों को फैशन का हिस्सा बनाना सही नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने इसे भक्ति और भारतीय संस्कृति का सम्मान बताते हुए अंजलि का समर्थन भी किया।

विवाद बढ़ने के बाद अंजलि फोगाट ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी धार्मिक प्रतीक का अपमान नहीं किया है। उनका कहना है कि Premanand Maharaj की तस्वीर वाला फ्रेम उनके घर के मंदिर के लिए तैयार किया गया था और उन्होंने इसे श्रद्धा के भाव से अपने साथ रखा था।

अब उनका यह कान्स लुक सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है, जहां एक तरफ लोग इसे भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर आलोचना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *